ब्रेकिंग रोहतास जिले के सोन डीला इलाके में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बढ़ते पानी के बीच तेज धारा में एक युवक के बह जाने की सूचना मिली . रोहतास नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 अकबरपुर निवासी योगेंद्र पासवान उर्फ योगी पासवान अचानक पानी की तेज धारा में बह गए. घटना के बाद से ही परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका है.
रातभर परिजन खोजबीन करते रहे
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. परिजन बदहवास हालत में रातभर सोन डीला के आसपास खोजबीन करते रहे. स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुटे और हर संभव तरीके से युवक को ढूंढने की कोशिश जारी रखी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई.
खेती करने गए थे सोन डीला, अचानक बढ़ा पानी
जानकारी के अनुसार, योगेंद्र पासवान की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है और वे सोन डीला इलाके में खेती किया करते थे. रोज की तरह वे खेत से जुड़े काम के लिए वहां गए थे. इसी दौरान अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और देखते ही देखते तेज धारा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
