प्रतिनिधि, डेहरी ऑफिस. चैनपुर स्थित शिव पूजन इंडस्ट्रीज परिसर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनायी गयी. इस अवसर पर पूरे प्रतिष्ठान परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. सुबह से ही पूजा-अर्चना में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी थी.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना
विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना करायी गयी. पूजा के बाद हवन का आयोजन किया गया. इसमें प्रतिष्ठान के संचालकों, कर्मचारियों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, शांति और प्रतिष्ठान की निरंतर प्रगति की कामना करते हुए आहुति दी.
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ परिसर
हवन के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया. झाल और ढोलक की संगत पर प्रस्तुत भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आये. कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला.
निर्माण और तकनीकी कौशल के देवता हैं भगवान विश्वकर्मा
इस अवसर पर प्रतिष्ठान पहुंचे अनुमंडल विधिज्ञ संघ के पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय उर्फ मुटुर पाण्डेय ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और सृजन का देवता माना जाता है. उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा वास्तुकला और तकनीकी कौशल के प्रतीक हैं. इसी कारण कारखानों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मशीनों, औजारों और उपकरणों की पूजा कर उन्नति की कामना की जाती है.
बड़ी संख्या में स्थानीय लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में राजद के वरिष्ठ नेता गुड्डू चन्द्रवंशी, राजू पाण्डेय, राजेश्वर सिंह, बिनोद पाण्डेय, भीम सिंह, पुजारी कमलेश पाण्डेय, महेंद्र पाण्डेय, संजय सेठी, निरू, मुन्ना तिवारी, प्रत्यूष पाण्डेय और कृष्णा पांडे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया प्रसाद
पूजा और भजन-कीर्तन कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि और प्रतिष्ठान की निरंतर प्रगति की कामना की.
