सासाराम में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयकारों से गूंजा शहर

सासाराम में इस्कॉन के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। भक्तों ने उत्साह के साथ रथ खींचकर भक्तिमय माहौल बनाया।

Rohtas News : सासाराम शहर में सोमवार को इस्कॉन के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गयी. सुंदर तरीके से सजाए गए रथ पर भगवान श्रीकृष्ण, भाई बलराम और बहन सुभद्रा को विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया. रथयात्रा के दौरान पूरा शहर भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया.

वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुरू हुई यात्रा रथयात्रा से पहले जगन्नाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान की पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा का रथ निकाला गया. भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ रथ की रस्सी खींचकर यात्रा में सहभागिता की.

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा गीता घाट कॉलोनी मोड़ स्थित महावीर मंदिर से शुरू हुई. इसके बाद फजलगंज, प्रभाकर मोड़, करगहर मोड़, पोस्ट ऑफिस चौक, धर्मशाला चौक, बौलिया रोड, न्यू एरिया मोड़, एसपी जैन कॉलेज मोड़ होते हुए पायलट बाबा धाम पहुंची. जिस मार्ग से रथयात्रा गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया.

रथ खींचने के लिए भक्तों में दिखा उत्साह रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. महिला, पुरुष और बच्चों में भगवान के रथ को खींचने को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. भक्त भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए भक्ति में झूमते नजर आए. रास्ते भर भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

भक्तों ने किया शर्बत का वितरण रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शर्बत वितरण की व्यवस्था की गयी थी. भव्य रूप से सजाए गए रथ और भक्तों की आस्था ने पूरे आयोजन को आकर्षक बना दिया. पुरी की तर्ज पर सासाराम में भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला.

इस्कॉन के पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु रहे मौजूद रथयात्रा में सासाराम इस्कॉन के प्रबंधक भक्त वत्सलय दास, रांची इस्कॉन के भूपत्ति गोविंद दास, बेनू विनोद दास, भूपेंद्र सिंह, रमेश कुमार पांडेय, विजय कृष्ण दास, रामायण दास, प्रमोद दास, आशीष कुमार श्रीवास्तव, अश्विनी श्रीवास्तव, ओमप्रकाश चौरसिया, रंजीता तिवारी, विजीत कुमार बंधुल, विद्यासागर त्रिवेदी, मनोज कुमार पांडेय, मंजू पांडेय सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Punit Kr Pandey

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >