Sasaram Legal Awareness : रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला प्रखंड के अकोढ़ी गांव में विधिक जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण स्कूल ऑफ लॉ के तत्वावधान में विधिक साक्षरता क्लब के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और विधिक सेवाओं की जानकारी दी गयी.
छात्रों ने ग्रामीणों को दी कानूनी जानकारी
विधिक साक्षरता क्लब के समन्वयक डॉ. सैयद कलीम अख्तर के निर्देशन में नारायण स्कूल ऑफ लॉ के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों के बीच विधिक साक्षरता से संबंधित जानकारी साझा की. छात्रों ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध विधिक सेवाओं के बारे में बताया. कार्यक्रम में छात्र आसू राज, स्वाति कुमारी, श्रीकांत यादव, रौशन कुमार, आयुषी कुमारी, वैष्णवी कुमारी सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों से संवाद किया.
ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं को रखा. छात्रों ने उनकी समस्याओं को सुनने के बाद आवश्यक कानूनी सलाह दी. इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में विधिक सेवा के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है.
विधिक सेवा के प्रति जागरूक करना उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में विधिक साक्षरता को बढ़ावा देना और आम लोगों को विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है. कार्यक्रम के दौरान अकोढ़ी पंचायत कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
