सासाराम : चेनारी में CO बनकर साइबर ठगी, जमीन मोटेशन के नाम पर मांगे 6 हजार, युवक से ऐंठे रुपये

चेनारी में अंचलाधिकारी बनकर लोगों से जमीन मोटेशन के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने लोगों को ऐसे फर्जी फोन कॉल्स से सावधान रहने की सलाह दी है।

जमीन मोटेशन कराने के नाम पर साइबर ठगों द्वारा अंचलाधिकारी बनकर लोगों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है. ठगों ने फोन कर लोगों को पहले विश्वास में लिया और फिर मोटेशन के बदले खाते में रुपये भेजने को कहा. मामले में पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.

CO बनकर किया फोन, मोटेशन के नाम पर मांगे 6 हजार

पीड़ित राजकुमार सिंह के अनुसार, मोबाइल नंबर 9117469489 से उनके पास फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को अंचलाधिकारी बताते हुए जमीन मोटेशन कराने की बात कही. आरोप है कि उसने राजकुमार सिंह से कहा कि मोटेशन कराना है तो किसी को जानकारी न दें और उनके कर नंबर पर छह हजार रुपये भेजें. बातचीत के तरीके से राजकुमार को लगा कि फोन करने वाला वास्तव में अधिकारी है. इसके बाद उन्होंने बताए गए तरीके से छह हजार रुपये भेज दिए. बाद में उन्हें ठगी का एहसास हुआ.

दूसरे व्यक्ति को भी मोटेशन रद्द करने की धमकी

इसी तरह प्रदीप गोस्वामी को भी मोटेशन के नाम पर फोन किया गया. प्रदीप ने पहले काम कराने और उसके बाद रुपये देने की बात कही. आरोप है कि इस पर फोन करने वाला भड़क गया और तत्काल पैसे नहीं देने पर मोटेशन रद्द करने की धमकी दी. इसके बाद प्रदीप को साइबर ठगी की आशंका हुई.

सरकारी अधिकारी बनकर बनाया भरोसा

पीड़ितों का कहना है कि ठगों ने सरकारी अधिकारी के नाम और पद का इस्तेमाल कर विश्वास जीतने की कोशिश की. जमीन के मोटेशन और दाखिल-खारिज जैसे जरूरी काम का नाम लेकर लोगों से रुपये की मांग की गई. इस तरह लोगों को डर और भ्रम में डालकर ठगी का प्रयास किया गया.

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने कहा कि जमीन मोटेशन के नाम पर अंचलाधिकारी बनकर रुपये मांगना गंभीर मामला है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी सरकारी अधिकारी के नाम पर फोन कर पैसे मांगे जाने पर बिना सत्यापन राशि न भेजें. संदिग्ध कॉल की शिकायत थाने या साइबर थाना में करें. पीड़ित द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर की जांच कराई जाएगी और ठगी की पुष्टि होने पर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

CO ने कहा, मोटेशन के लिए फोन पर पैसे नहीं मांगे जाते

अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने स्पष्ट किया कि जमीन के मोटेशन या दाखिल-खारिज के नाम पर किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत फोन कर रुपये की मांग नहीं की जाती है. यदि कोई व्यक्ति अंचलाधिकारी या राजस्व कर्मचारी बनकर पैसे मांगता है, तो यह धोखाधड़ी है. उन्होंने लोगों से ऐसे कॉल से सावधान रहने और किसी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे नहीं भेजने की अपील की.

संदिग्ध नंबर और लेनदेन की दें जानकारी

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जमीन से जुड़े किसी भी सरकारी काम के लिए अनजान व्यक्ति को फोन पर पैसे न दें. किसी अधिकारी के नाम पर रुपये मांगे जाने पर संबंधित अंचल कार्यालय में जाकर इसकी पुष्टि करें. संदिग्ध मोबाइल नंबर और लेनदेन की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें. मामले में पुलिस जांच जारी है.

कोचस प्रखंड कांग्रेस कार्यालय का सांसद ने किया उद्घाटन, सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >