रोहतास: कोचस में अतिक्रमण पर सख्त हुआ नगर बोर्ड, एक सप्ताह में NH-319 और SH-17 खाली कराने का निर्देश

रोहतास के कोचस नगर पंचायत की बैठक में शहर के विकास और अतिक्रमण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. मुख्य सड़कों से अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर प्रशासन और पुलिस को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

Kochas Encroachment Removal : रोहतास के कोचस नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के विकास और अतिक्रमण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में नगर प्रशासन और पुलिस पर मुख्य सड़कों से अतिक्रमण नहीं हटाने का आरोप लगा. इसके बाद मुख्य पार्षद ने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए.

Sasaram News : विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा, कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित.

कोचस नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में शुक्रवार को मुख्य पार्षद शबनम परवीन की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. नगर कार्यपालक पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि बैठक में पिछली बैठक की संपुष्टि, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन और भुगतान की समीक्षा, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण, नगर की आय बढ़ाने के नए स्रोत, सार्वजनिक संपत्तियों की मरम्मत, जलजमाव वाले क्षेत्रों में जल निकासी, वेंडिंग जोन और वाहन स्टैंड के लिए जमीन चिन्हित करने सहित कई प्रस्तावों पर विचार किया गया. समीक्षा के बाद सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया.

एनएच-319 और स्टेट हाईवे-17 से अतिक्रमण नहीं हटाने पर उठा सवाल.

बैठक के दौरान कैबिनेट सदस्य विनय सिंह, रोहित कुमार केसरी और नाजिया खातून ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी और कोचस थानाध्यक्ष पर मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. सदस्यों ने कहा कि नगर प्रशासन और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता के कारण शहर से गुजरने वाले एनएच-319 और स्टेट हाईवे-17 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो हादसों की संख्या और बढ़ सकती है.

मुख्य पार्षद ने एक सप्ताह में कार्रवाई के दिए निर्देश.

सदन में उठे मुद्दे पर मुख्य पार्षद शबनम परवीन ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर दोनों प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया. साथ ही इस मुद्दे पर व्यापक रणनीति बनाने के लिए अगले मंगलवार को प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में नगर एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी.

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद.

बैठक में उपमुख्य पार्षद स्नेहा कुमारी, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी प्रीति आर्या, बीडीओ चन्द्रभूषण गुप्ता, थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, कैबिनेट सदस्य विनय सिंह, नाजिया खातून, रोहित कुमार केसरी, कार्यपालक सहायक रविश कुमार पाठक सहित नगर पंचायत और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ramesh Kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >