Kasturba Gandhi Balika Vidyalaya Counselling 2026 : सासाराम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विभिन्न रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया के तहत पूर्व में आयोजित काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सके अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग ने अंतिम अवसर दिया है. ऐसे अभ्यर्थियों की काउंसलिंग अब 17 जुलाई 2026 को डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) सभागार, फजलगंज, सासाराम में आयोजित की जाएगी. विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है.
Sasaram News : 38 पदों के लिए आए थे 3,112 आवेदन
जानकारी के अनुसार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रात्रि प्रहरी, अनुसेवक, मुख्य रसोइया और सहायक रसोइया के कुल 38 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे. इन पदों के लिए कुल 3,112 आवेदन प्राप्त हुए थे.
पहले कई चरणों में हुई थी काउंसलिंग
नियुक्ति प्रक्रिया के तहत 15 से 20 मई, 29 मई, 15 जून और 16 जून 2026 को काउंसलिंग आयोजित की गई थी. इन सभी चरणों में कुल 460 अभ्यर्थियों ने भाग लिया. अब जो अभ्यर्थी किसी कारणवश काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सके थे, उन्हें अंतिम अवसर दिया गया है.
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) ने बताया कि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में अपलोड किए गए सभी प्रमाणपत्रों की दो-दो स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति, चार पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो तथा सभी मूल प्रमाणपत्र साथ लेकर निर्धारित समय पर डायट सभागार पहुंचना होगा.
इसके बाद नहीं मिलेगा कोई मौका
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 17 जुलाई को आयोजित होने वाली काउंसलिंग के बाद प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी. आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में अभ्यर्थियों की काउंसलिंग प्रभावित हो सकती है. इसलिए सभी अभ्यर्थियों से समय पर पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होने की अपील की गई है.
