रोहतास: काराकाट क्षेत्र में झमाझम बारिश से किसानों को खेती में राहत ,उमस भरी से मिली निजात

रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड में कई दिनों की भीषण गर्मी और उमस के बाद आखिरकार झमाझम बारिश हुई. इस बारिश से किसानों को काफी राहत मिली है, खासकर धान की खेती को लेकर जो प्रभावित हो रही थी.

Monsoon in Biha : रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड क्षेत्र में कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण किसान और आम लोग भीषण गर्मी व उमस से परेशान थे. खेत सूखने लगे थे और धान की खेती को लेकर किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही थी. शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी. बारिश शुरू होते ही किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई.

Rohtas News : बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत

शनिवार दोपहर अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. गोड़ारी, जमुआ, करूप, सिकरियां, सुकहराडिहरी, बुढ़वल, पड़रिया, अमरथा सहित आसपास के कई गांवों में अच्छी बारिश हुई. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली.

धान की खेती के लिए बारिश बनी वरदान

किसानों ने बताया कि लगातार बारिश नहीं होने से खेतों में नमी खत्म हो रही थी और धान की रोपनी प्रभावित होने लगी थी. किसान अजय सिंह ने कहा कि केवल नहर या कैनाल के पानी के भरोसे खेती करना संभव नहीं है. अच्छी पैदावार के लिए समय पर पर्याप्त वर्षा बेहद जरूरी है.

नहर का पानी नहीं पहुंच रहा सभी खेतों तक

कई किसानों ने बताया कि नहर का पानी खेतों तक पहुंचते-पहुंचते कम हो जाता है, जिससे सभी खेतों की सिंचाई नहीं हो पाती. ऐसे में प्राकृतिक वर्षा ही खेती का सबसे बड़ा सहारा है. उन्होंने कहा कि शनिवार की बारिश ने धान की खेती के लिए नई उम्मीद जगा दी है.

अच्छी बारिश से खरीफ फसलों को मिलेगा लाभ

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बादल तो आते थे, लेकिन बिना बारिश के लौट जाते थे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ती जा रही थी. शनिवार की बारिश ने न केवल किसानों की उम्मीदों को नई ऊर्जा दी, बल्कि लोगों को भीषण गर्मी से भी राहत पहुंचाई. किसानों को उम्मीद है कि यदि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होती रही तो खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन बेहतर होगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >