सासाराम : बंदी अमरजीत की मौत की न्यायिक जांच शुरू, जेल अधीक्षक पर प्राथमिकी करने की मांग

सासाराम जेल में बंद अमरजीत की मौत मामले की न्यायिक जांच शुरू हो गई है. परिवार ने जेल अधीक्षक पर FIR की मांग की है.

सासाराम मंडल कारा में विचाराधीन बंदी अमरजीत कुमार (26) की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत का मामला अब न्यायिक जांच के दायरे में आ गया है. तिलौथू थाना क्षेत्र के रमडिहरा गांव निवासी अमरजीत की 15 सितंबर को मौत हुई थी. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पूर्व निर्देशों और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 196 के प्रावधानों के तहत मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी गयी है.

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, रोहतास, सासाराम ने न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कुमार शुभम को जांच के लिए अधिकृत किया है. जिसके बाद उनके द्वारा जांच शुरु कर दी गई है. इधर, मृत बंदी के भाई सर्वजीत कुमार ने शुक्रवार को करवंदिया थाने में आवेदन देकर सासाराम जेल अधीक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 13 सितंबर को शराब से जुड़े मामले में अमरजीत को जेल भेजे जाने के बाद उसके साथ मारपीट की गयी. जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी. भाई ने जेल प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी. जहां करवंदिया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने आवेदन को अग्रेतर कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को भेज दिया था.

पत्नी ने उत्पाद विभाग पर एक लाख मांगने का लगाया था आरोप

बंदी की मौत के बाद उसकी पत्नी शोभा देवी का एक वीडियो भी सामने आया था. जिसमें शोभा देवी ने आरोप लगाया है कि अमरजीत को छोड़ने के एवज में उत्पाद विभाग द्वारा एक लाख रुपये की मांग की गयी थी. रुपये नहीं देने पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने का आरोप लगाया गया था. जिसके जवाब में उत्पाद उपायुक्त तारिक महमूद ने आरोप को पूरी तरह निराधार बताया था.

वहीं, जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय ने भी अपने ऊपर लगे मारपीट के आरोप को निराधार बताया था. उन्होंने कहा था कि अमरजीत की 13 सितंबर की शाम 6.55 बजे जेल में इंट्री हुई थी और 7.11 बजे स्वास्थ्य जांच में वह ठीक था. 15 सितंबर की सुबह तबीयत खराब होने की सूचना पर 7.03 बजे उसे मुख्य द्वार पर लाया गया. वीडियो बयान के बाद उसके अनुरोध पर 7.19 बजे जेल एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेज 7.33 बजे भर्ती कराया गया था. जहां करीब छह घंटे बाद उसकी मौत हो गयी थी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जितेंद्र कुमार पासवान

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >