रोहतास के जोगिया कांड में पुलिस की कार्रवाई, तोड़फोड़-आगजनी मामले में दो गिरफ्तार; मूल घटना के दो नामजद भी दबोचे

दिनारा के जोगिया गांव में आगजनी मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

Rohtas News : रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में 5 अगस्त को हुई घटना के बाद तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं मूल घटना में नामजद दो अन्य आरोपितों को भी संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है. एसपी रौशन कुमार ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी.

तोड़फोड़ और आगजनी में सोनू व सुनील गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि घटनास्थल पर तोड़फोड़ और आगजनी को लेकर दिनारा थाना में कांड संख्या 379/26 और 380/26 दर्ज की गयी है. इन मामलों के अनुसंधान के दौरान सोनू चौधरी, पिता बनवारी चौधरी और सुनील चौधरी, पिता बिलबिलिया चौधरी को गिरफ्तार किया गया. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

मूल घटना के दो नामजद भी पुलिस की गिरफ्त में

5 अगस्त को हुई मूल घटना को लेकर दर्ज दिनारा थाना कांड संख्या 378/26 में नामजद अजीत तिवारी और अभय तिवारी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गाजीपुर एवं बक्सर पुलिस के साथ जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में दोनों की गिरफ्तारी की गयी.

वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान, जुटाये गये वैज्ञानिक साक्ष्य

पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है. घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये गये हैं. वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहे लोगों की गतिविधियों का विश्लेषण कर उनकी पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी.

सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर, 600 से अधिक पोस्ट चिन्हित

घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट और गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है. अब तक 600 से अधिक पोस्ट चिन्हित किये गये हैं. आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में साइबर थाना रोहतास में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की है.

जोगिया और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा

एसपी ने बताया कि दिनारा थाना क्षेत्र में फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और सामान्य है. घटनास्थल समेत आसपास के गांवों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किये गये हैं. सीमावर्ती जिलों के बॉर्डर पर भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गयी है.

योगियां मिल्की रोड की तस्वीरें | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष चंद्रकांत

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >