रोहतास: स्वतंत्रता दिवस 2026 के जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए ऑडिशन शुरू, पहले दिन 150 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

स्वतंत्रता दिवस 2026 के जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया रोहतास में शुरू हो गई है. पहले दिन 10 प्रखंडों के करीब 150 छात्रों ने ऑडिशन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

Rohtas Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई. सासाराम के फजलगंज स्थित मल्टीपरपस हॉल में पहले दिन 10 प्रखंडों के सरकारी एवं निजी स्कूलों से चयनित छात्रों ने ऑडिशन दिया. पहले दिन करीब 20 स्कूलों के 150 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. ऑडिशन में स्थानीय कलाकार भी शामिल हुए. चयन प्रक्रिया का दूसरा चरण बुधवार को होगा.

10 प्रखंडों के छात्रों ने दिया ऑडिशन

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान सह समग्र शिक्षा रजनीश उपाध्याय के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं और स्थानीय कलाकारों को प्रस्तुति का अवसर मिलेगा. इसके लिए स्कूल स्तर पर प्रतिभाशाली छात्रों का चयन कर उन्हें ऑडिशन में शामिल कराया गया है.

मंगलवार को दावथ, कोचस, दिनारा, सूर्यपुरा, संझौली, काराकाट, बिक्रमगंज, नासरीगंज, करगहर और राजपुर प्रखंड के प्रतिभागियों का ऑडिशन हुआ. ऑडिशन में शामिल छात्रों के साथ संबंधित स्कूलों से नामित नोडल शिक्षक या शिक्षिका भी मौजूद रहे. प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और संगीत शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये थे. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डेन और संचालकों को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिया गया है.

बुधवार को नौ प्रखंडों और स्थानीय कलाकारों का ऑडिशन

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि बुधवार को सासाराम, शिवसागर, चेनारी, नौहट्टा, रोहतास, तिलौथू, डिहरी, अकोढ़ीगोला और नोखा प्रखंड के प्रतिभागियों का ऑडिशन होगा. इसी दिन स्थानीय कलाकारों के लिए भी ऑडिशन आयोजित किया जाएगा. प्रतिभागियों को सुबह 11 बजे फजलगंज स्थित मल्टीपरपस हॉल पहुंचना होगा. ऑडिशन के माध्यम से चयनित प्रतिभागी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे.

प्रतिभाशाली छात्रों को अधिक से अधिक अवसर देने का प्रयास

डीपीओ रजनीश उपाध्याय ने कहा कि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली छात्रों को अवसर देने के उद्देश्य से चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है. कार्यक्रम में स्कूलों के छात्रों के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी. मौके पर बिहार शिक्षा परियोजना के मीडिया समन्वयक पंकज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >