Rohtas News: रोहतास जिले के शिवसागर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) के गिरधरिया ब्रिज की सर्विस लेन में अधूरा नाला निर्माण लोगों के लिए भारी परेशानी का सबब बना हुआ है. कई स्थानों पर नाले का स्लैब अधूरा छोड़ दिया गया है और उससे लोहे के नुकीले सरिये बाहर निकले हुए हैं, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है. हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद नाले में जलजमाव होने से स्थिति और गंभीर हो गई है. पानी भर जाने के कारण खुला नाला और बाहर निकले सरिये दिखाई नहीं देते, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं.
NH-19 के चौड़ीकरण के दौरान अधूरा छोड़ा गया निर्माण कार्य
स्थानीय लोगों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान सर्विस लेन के किनारे जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण शुरू किया गया था. हालांकि, कई महत्वपूर्ण स्थानों पर निर्माण कार्य बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया. नतीजतन, बारिश का पानी सुचारु रूप से निकलने के बजाय सड़क किनारे जमा हो जाता है. इससे पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों तथा आसपास के दुकानदारों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है.
शीघ्र निर्माण पूरा कराने और सरिये हटाने की उठी मांग
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अधूरे नाले के कारण जलजमाव की समस्या लगातार बनी हुई है. यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, तो आगे स्थिति और बिगड़ सकती है. लोगों ने संबंधित विभाग से अधूरे नाले का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, बाहर निकले खतरनाक सरियों को हटाने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
(इस संबंध में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका.)
Also Read: इंद्रपुरी बराज पर 32,595 क्यूसेक पानी उपलब्ध: नहरों के अंतिम छोर तक पहुंचेगा जल, किसानों में खुशी
