रोहतास के गुप्ता धाम में उमड़ी आस्था की भीड़, हेलीकॉप्टर का इंतजार करते रहे श्रद्धालु; पुष्पवर्षा नहीं होने से मायूसी

सावन की अंतिम सोमवारी पर गुप्ता धाम में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण कार्यक्रम रद्द होने से श्रद्धालुओं में मायूसी छा गई।

Rohtas News : सावन माह की अंतिम सोमवारी पर ऐतिहासिक गुप्ता धाम में बाबा गुप्तेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गयी. हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की प्रस्तावित योजना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह था, लेकिन खराब मौसम के कारण पुष्पवर्षा नहीं हो सकी. इससे हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं में मायूसी देखी गयी.

खराब मौसम ने रोकी हेलीकॉप्टर की उड़ान

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गुप्ता धाम में पुष्पवर्षा के लिए आने वाला हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण रास्ते से ही वापस लौट गया. मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए आगे उड़ान भरना संभव नहीं था. अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर को वापस लौटाने का निर्णय लिया गया.

सुबह से ही जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार

अंतिम सोमवारी पर रोहतास के अलावा कैमूर, भोजपुर, बक्सर औरंगाबाद सहित आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु गुप्ता धाम पहुंचे. कई शिवभक्त कांवर लेकर पैदल धाम पहुंचे. बाबा गुप्तेश्वरनाथ की गुफा में शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए सुबह से ही लंबी कतार लगी रही. बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा.

गुप्ता धाम में पुष्पवर्षा की थी खास तैयारी

अंतिम सोमवारी पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह था. कई श्रद्धालु निर्धारित समय तक आसमान की ओर नजर लगाए रहे. उम्मीद थी कि बाबा गुप्तेश्वरनाथ के दरबार में हेलीकॉप्टर से फूल बरसेंगे, लेकिन मौसम ने श्रद्धालुओं की इस उम्मीद पर पानी फेर दिया. दिनभर पुष्पवर्षा नहीं होने की चर्चा होती रही.

सुरक्षा में मुस्तैद रहे अधिकारी और पुलिसकर्मी

गुप्ता धाम में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये थे. आधा दर्जन से अधिक वरीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी करते रहे. पुलिस बल की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था.

दर्शन-पूजन के बीच पुष्पवर्षा नहीं होने का रहा मलाल

पुष्पवर्षा नहीं होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ. श्रद्धालुओं ने बाबा गुप्तेश्वरनाथ का दर्शन कर जलाभिषेक किया. प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और निर्धारित मार्ग से ही आवागमन करने की अपील की गयी. हालांकि, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा नहीं होने का मलाल श्रद्धालुओं के बीच दिनभर बना रहा.

Also Read : रोहतास: अंतिम सोमवारी पर गंगेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा परिसर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jitendra Kumar Paswan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >