चेनारी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया हरितालिका तीज, सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत

Sasaram News : चेनारी में हरितालिका तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया. सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखा. कुंवारी कन्याओं ने भी अच्छे वर की कामना से यह व्रत किया.

Sasaram News : नगर पंचायत चेनारी सहित प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हरितालिका तीज का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया. अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा. वहीं, कुंवारी कन्याओं ने भी मनचाहे वर की प्राप्ति और सुखी दांपत्य जीवन की मंगलकामना के लिए तीज व्रत किया. पर्व को लेकर महिलाओं में सुबह से ही उत्साह और उमंग का माहौल रहा.

सोलह शृंगार कर महिलाओं ने की शिव-पार्वती की पूजा

हरितालिका तीज के अवसर पर महिलाओं ने नए वस्त्र और आभूषण पहनकर सोलह शृंगार किया. हाथों में आकर्षक मेहंदी रचाने के साथ हरे रंग के परिधानों में सज-संवरकर महिलाओं ने पूजा-अर्चना की. नगर पंचायत के वार्ड सात स्थित वीआइपी कॉलोनी के काली माता मंदिर परिसर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा की. इस दौरान रूपा जायसवाल, सीमा कुमारी, सुनीता देवी, रानी देवी, सुष्मिता देवी, खुशबू देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने तीज पर्व में भाग लिया.

तीज व्रत की कथा सुनकर मांगा अखंड सुहाग

महिलाओं ने तीज व्रत की पौराणिक कथा सुनी और भगवान शिव एवं माता पार्वती से पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि तथा अखंड सुहाग की कामना की. पूजा के बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज के पारंपरिक गीत गाये. संगीत की धुन पर महिलाओं ने नृत्य किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं. मंदिर परिसर में झूले भी लगाये गये थे, जहां महिलाओं और युवतियों ने झूला झूलकर पर्व का आनंद लिया.

निर्जला व्रत रखकर की शिव-पार्वती की आराधना

हरितालिका तीज पर महिलाओं ने सूर्योदय से लेकर अगले दिन पूजा के बाद पारण तक निर्जला व्रत रखने का संकल्प लिया. मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी. इसी आस्था के चलते सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु और दांपत्य जीवन की खुशहाली के लिए यह व्रत रखती हैं. कुंवारी कन्याएं भी अच्छे वर की कामना से तीज का व्रत करती हैं.

व्रत को लेकर घरों में भी विशेष तैयारियां की गयीं. महिलाओं ने ठेकुआ, ठेठरी, खुर्मी सहित विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किये. पूजा के लिए फल, मिठाई, खीरा, वस्त्र और सुहाग सामग्री की व्यवस्था की गयी. कई महिलाओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के साथ दान-पुण्य भी किया.

Also Read : कैमूर के वंशीखोह जलप्रपात और तेल्हार कुंड में ईको-पर्यटन विकास कार्यों का मंत्री ने लिया जायजा

मेहंदी और शृंगार सामग्री की दुकानों पर रही भीड़

तीज पर्व को लेकर चेनारी बाजार में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली. मेहंदी की दुकानों पर महिलाओं और युवतियों की भीड़ जुटी रही. महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार मारवाड़ी, अरेबिक, फोटो वाली और बैंगल डिजाइन की मेहंदी लगवाती नजर आयीं. मेहंदी दुकानदार संदेश जायसवाल ने बताया कि तीज को लेकर महिलाओं में मेहंदी के विभिन्न डिजाइनों के प्रति खासा उत्साह रहा. पर्व के चलते कपड़े, आभूषण, शृंगार सामग्री और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारी बढ़ी.

Also Read : भभुआ में नियोजन सह मार्गदर्शन मेला, 306 युवाओं का रोजगार के लिए हुआ चयन

देर शाम तक भजन-कीर्तन और सामूहिक कार्यक्रम

व्रती महिलाओं ने देर शाम तक पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और सामूहिक कार्यक्रमों में भाग लिया. पूरे चेनारी प्रखंड क्षेत्र में हरितालिका तीज को लेकर भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा.

Also Read : रामगढ़ में पीएम आवास योजना की दूसरी किस्त का इंतजार, अधूरे पड़े मकानों से लाभुक परेशान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >