Sasaram News : जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा एवं मूल्यांकन 15 सितंबर से शुरू होगा. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी किया है. जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया निर्धारित तिथि के अनुसार पूरी की जायेगी.
15 सितंबर को हिंदी, उर्दू, बांग्ला और विज्ञान की परीक्षा
15 सितंबर को प्रथम पाली में हिंदी, उर्दू एवं बांग्ला की कक्षा एक से आठ तक की परीक्षा होगी. वहीं, द्वितीय पाली में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं के लिए विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जायेगी.
16 सितंबर को अंग्रेजी और पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा
16 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के लिए अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी. इसी दिन कक्षा तीन से आठ तक के छात्र-छात्राओं की पर्यावरण अध्ययन एवं सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा भी आयोजित की जायेगी.
17 सितंबर को गणित और संस्कृत की परीक्षा
17 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के लिए गणित तथा कक्षा छह से आठ तक के लिए संस्कृत विषय की परीक्षा होगी. इसके बाद 18 सितंबर को उर्दू स्कूलों को छोड़कर शेष सभी स्कूलों में सह-शैक्षिक गतिविधियों के समेकन एवं ग्रेडिंग का निर्धारण किया जायेगा.
19 और 20 सितंबर को द्वितीय भाषा का मूल्यांकन
19 सितंबर को कक्षा तीन से आठ तक के द्वितीय भाषा एवं अहिंदी भाषी छात्र-छात्राओं के लिए हिंदी की परीक्षा होगी. वहीं, 20 सितंबर को उर्दू स्कूलों में सह-शैक्षिक गतिविधियों का समेकन एवं ग्रेडिंग की जायेगी.
कक्षा एक और दो के बच्चों का मौखिक मूल्यांकन
पत्र के अनुसार कक्षा एक एवं दो के बच्चों का मूल्यांकन मौखिक रूप से वर्ग शिक्षक द्वारा किया जायेगा. वहीं, कक्षा एक से आठ तक के प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराये जायेंगे. परीक्षा अवधि में पीएम पोषण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को मध्याह्न भोजन भी उपलब्ध कराया जायेगा.
कुछ विषयों का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर होगा
कक्षा तीन के बच्चों का शारीरिक शिक्षा, कल्याण एवं कला विषय तथा कक्षा छह के बच्चों का शारीरिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कंप्यूटर विज्ञान एवं कला विषय का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जायेगा. कक्षा सात एवं आठ में भी कंप्यूटर विज्ञान का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर होगा.
Also Read : मदुरना गांव में बच्चों से मारपीट का आरोप, पूछताछ करने पहुंचे पिता के साथ भी की मारपीट
11 सितंबर तक बीआरसी में पहुंचेंगी उत्तर पुस्तिकाएं
उत्तर पुस्तिका, सतत मूल्यांकन पंजी एवं परिणाम पत्रक 11 सितंबर तक प्रखंड संसाधन केंद्र पर उपलब्ध कराये जायेंगे. स्कूलों को इन्हें 13 सितंबर तक प्राप्त करना होगा. कक्षा तीन से आठ तक की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच निकटस्थ कॉम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर स्तर पर 21 से 25 सितंबर के बीच पांच कार्य दिवसों में पूरी की जायेगी. वहीं, कक्षा एक एवं दो के बच्चों का मूल्यांकन उनके मूल स्कूल में ही होगा.
26 सितंबर को शिक्षक-अभिभावक बैठक
26 सितंबर को सभी प्रारंभिक एवं मध्य विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित कर छात्र-छात्राओं के प्रगति पत्रक साझा किये जायेंगे. इस दौरान ग्रेड सी, डी एवं ई प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रणनीति तय की जायेगी.
Also Read : भभुआ में खेत-मजदूर यूनियन का धरना-प्रदर्शन, केंद्र व राज्य सरकार पर साधा निशाना
28 सितंबर तक स्कूल और 30 सितंबर तक जिला कार्यालय को देना होगा परिणाम
सभी स्कूलों को परीक्षा का परिणाम 28 सितंबर तक उपलब्ध कराना होगा. वहीं, प्रखंड का समेकित प्रतिवेदन 30 सितंबर तक जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए दूसरे स्कूलों में होगी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति
परीक्षा को स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए वीक्षण कार्य में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति दूसरे स्कूलों में की जायेगी. विभाग ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा एवं मूल्यांकन की पूरी प्रक्रिया समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है.
Also Read : मदुरना गांव में बच्चों से मारपीट का आरोप, पूछताछ करने पहुंचे पिता के साथ भी की मारपीट
