Rohtas News : कोचस प्रखंड क्षेत्र के सरकारी प्रारंभिक स्कूलों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हो गयी. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहले दिन करीब 90 प्रतिशत बच्चे परीक्षा में शामिल हुए.
पहली पाली में हिंदी, दूसरी में विज्ञान की परीक्षा
पहली पाली में कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों की हिंदी विषय की परीक्षा ली गयी. वहीं दूसरी पाली में कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों की विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित हुई. परीक्षा को लेकर स्कूलों में पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी थीं.
बीईओ सुरभि राज ने बताया कि सभी स्कूलों को पहले ही उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी गयी हैं. प्रश्नपत्र ई-शिक्षा कोष के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है. शिक्षक ई-शिक्षा कोष से प्रश्नपत्र अपलोड कर उसे श्यामपट्ट पर लिखकर विद्यार्थियों को परीक्षा करा रहे हैं.
20 सितंबर तक चलेगी परीक्षा
समन्वयक प्रमोद तिवारी, राधेश्याम पाल, जयराम पाल, श्रीकवल सिंह और सुरेश कुमार ने बताया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा लिखित और व्यवहारिक दोनों स्तरों पर आयोजित की जा रही है. परीक्षा 20 सितंबर तक चलेगी.
कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए शिक्षकों की बदली गयी ड्यूटी
समन्वयकों ने बताया कि परीक्षा को कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए विद्यालय प्रधान और वरीय शिक्षकों को छोड़कर अन्य शिक्षकों की ड्यूटी दूसरे स्कूलों में लगायी गयी है. इसके तहत शिक्षकों को एक-दूसरे विद्यालयों में भेजा गया है, ताकि परीक्षा की निगरानी निष्पक्ष तरीके से हो सके.
21 से 25 सितंबर तक होगा कॉपियों का मूल्यांकन
पहले दिन परीक्षा में लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति रही. परीक्षा समाप्त होने के बाद 21 से 25 सितंबर तक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य सीआरसी स्तर पर किया जायेगा. इसके लिए भी विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गयी है.
