रोहतास: गुप्ताधाम के झरने में नहाते समय 18 वर्षीय युवक की डूबकर मौत, दोस्तों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

रोहतास जिले के गुप्ताधाम मार्ग पर स्थित एक झरने में 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. दोस्तों के साथ घूमने आए युवक का पैर फिसलने से यह हादसा हुआ. वन विभाग ने पर्यटकों को सावधानी बरतने की अपील की है.

Rohtas Guptadham Waterfall Drowning : रोहतास जिले के गुप्ताधाम मार्ग स्थित एक झरने में स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक की डूबकर मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों, वन विभाग और प्रशासन की टीम ने काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

Rohtas News : साथियों के साथ घूमने आया था युवक

मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी-लालपुर गांव निवासी स्वर्गीय भुनेश्वर राम के 18 वर्षीय पुत्र निक्की कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि निक्की अपने दोस्तों के साथ गुप्ताधाम घूमने आया था. रास्ते में स्थित झरने में स्नान करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया.

बचाने की कोशिश रही नाकाम

युवक के डूबने पर उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

वन विभाग ने जारी की चेतावनी

वन विभाग के फॉरेस्टर अमित कुमार और रेंजर अभय सिंह ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से बरसात के मौसम में झरनों और जलकुंडों में उतरने से पहले पूरी सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यदि पानी का बहाव तेज हो या गहराई अधिक लगे तो किसी भी परिस्थिति में पानी में न उतरें. विभाग ने चेतावनी संकेतों का पालन करने और जोखिम से बचने की भी सलाह दी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >