चेनारी में सावन शुरू होते ही गुप्ता धाम के रास्ते बदले, चारपहिया वाहनों पर पूरी तरह रोक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम लागू

सावन के दौरान गुप्ता धाम जाने वाले मार्ग पर प्रशासन ने चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी है। अब श्रद्धालु केवल मोटरसाइकिल से ही दर्शन के लिए जा सकेंगे।

Sasaram News : चेनारी क्षेत्र के प्रसिद्ध गुप्ता धाम में सावन माह की शुरुआत के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है. बढ़ती भीड़ और वन क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. गुप्ता धाम जाने वाले मार्ग पर चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. फिलहाल केवल मोटरसाइकिल से ही श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति दी जा रही है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो.

प्रशासन के इस फैसले के बाद मार्ग पर निगरानी और भी कड़ी कर दी गई है. वन विभाग और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से पूरे रास्ते पर नजर बनाए हुए हैं. हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है और नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है.

बिना हेलमेट और लाइसेंस नहीं मिलेगा प्रवेश

प्रशासन ने मोटरसाइकिल चालकों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं. बिना हेलमेट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी व्यक्ति को वन क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. इसके अलावा वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करना अनिवार्य किया गया है.

वन क्षेत्र की शांति बनाए रखने के लिए अनावश्यक हॉर्न बजाने पर भी रोक लगाई गई है. साथ ही प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है. प्रशासन ने साफ कहा है कि वन्यजीवों या पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

सावन के पहले दिन से ही उमड़ी भीड़

सावन के पहले दिन से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त गुप्ता धाम पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु बाबा गुप्तेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी दूरी तय कर यहां पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की कतारें देखी जा रही हैं.

प्रशासन का अनुमान है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ सकती है. इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है.

अधिकारियों ने पहले ही किया था निरीक्षण

गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह पहले जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने गुप्ता धाम क्षेत्र का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया था. इस दौरान जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. नेहा कुमारी, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे थे.

वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मिलकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया था. बैठक के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, पेयजल और आपदा प्रबंधन को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए थे.

नई व्यवस्था से यात्रा होगी सुरक्षित

प्रशासन का कहना है कि सावन के पहले दिन से लागू की गई नई यातायात व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, आसान और व्यवस्थित बनाना है. सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और हर स्तर पर निगरानी की जा रही है.

स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यह कदम जरूरी था, क्योंकि सावन के दौरान यहां भारी भीड़ जुटती है. ऐसे में सही प्रबंधन से ही किसी भी तरह की दुर्घटना या अव्यवस्था से बचा जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >