Sasaram News: सावन की अंतिम सोमवारी पर गुप्ता धाम और कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं के ऊपर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा किए जाने के निर्णय का चेनारी विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम ने स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला गुप्ता धाम आने वाले शिवभक्तों की आस्था और भावनाओं के सम्मान का प्रतीक है.
शिवभक्तों के लिए यादगार होगा आयोजन
प्रभात खबर से बातचीत में विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि 24 अगस्त को अंतिम सोमवारी के अवसर पर गुप्ता धाम और कांवड़िया पथ पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा शिवभक्तों के लिए विशेष और यादगार क्षण होगा.
उन्होंने कहा कि गुप्ता धाम की कठिन पहाड़ी यात्रा के बावजूद हजारों-लाखों श्रद्धालु बाबा गुप्तेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी आस्था के सम्मान में पुष्पवर्षा किया जाना उनका उत्साह बढ़ाने वाला कदम है.
धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
विधायक ने कहा कि गुप्ता धाम केवल चेनारी या रोहतास जिले की पहचान नहीं है, बल्कि बिहार समेत आसपास के राज्यों के शिवभक्तों के लिए भी यह प्रमुख आस्था का केंद्र है. सावन में यहां लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और अंतिम सोमवारी पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा का निर्णय गुप्ता धाम की धार्मिक महत्ता को व्यापक पहचान दिलाने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकता है. इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा और गुप्ता धाम की प्रसिद्धि और बढ़ेगी.
सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील
विधायक ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने अंतिम सोमवारी पर गुप्ता धाम आने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और भीड़ में संयम बरतने की अपील की.
मुरारी प्रसाद गौतम ने चेनारी विधानसभा क्षेत्र की जनता और समस्त शिवभक्तों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार और अभिनंदन व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बाबा गुप्तेश्वर महादेव की कृपा से गुप्ता धाम आने वाला हर श्रद्धालु सुखद और सुरक्षित अनुभव लेकर लौटे, यही कामना है.
