Sasaram News : करगहर प्रखंड क्षेत्र के पड़रिया सोन नदी घाट के समीप रविवार सुबह मछली पकड़ रहे लोगों के जाल में करीब चार फीट लंबा घड़ियाल फंस गया. बड़ी मछली फंसने की उम्मीद में जाल खींच रहे मछुआरों की नजर जब जलीय जीव पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए. घड़ियाल को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जाल में घड़ियालनुमा जीव देखकर सहमे मछुआरे
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार सुबह कुछ लोग सोन नदी में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे. इसी दौरान उन्हें जाल में किसी बड़ी मछली के फंसने का एहसास हुआ. मछुआरों ने जाल को खींचकर किनारे पर लाया, तो उसमें घड़ियालनुमा जीव दिखाई दिया. इसके बाद मछली पकड़ रहे लोग दहशत में आ गए.
घड़ियाल देखने के लिए घाट पर जुटी भीड़
नदी में घड़ियाल मिलने की खबर आसपास के इलाकों में फैलते ही उसे देखने के लिए घाट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. अचानक सोन नदी में घड़ियाल मिलने से लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया. ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी चर्चा होने लगी कि घड़ियाल नदी के इस क्षेत्र में आखिर कैसे पहुंचा.
Also Read : मांगों पर 9 महीने से इंतजार, रोहतास में फिर एकजुट हुए कार्यपालक सहायक, आंदोलन की रणनीति पर मंथन
वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़ा
मामले की जानकारी मिलते ही समाजसेवी सह लोजपा के जिला सचिव चांद चौबे ने वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद फॉरेस्टर सुमित कुमार मौके पर पहुंचे और विभाग की टीम को इसकी जानकारी दी. कुछ ही देर में वन विभाग की टीम पड़रिया सोन घाट पहुंची और जलीय जीव को सुरक्षित पकड़कर अपने साथ ले गई.
Also Read : सासाराम में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पंखे से लटका मिला शव, दहेज के लिए हत्या का आरोप
घड़ियाल के पहुंचने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म
सोन नदी के इस क्षेत्र में घड़ियाल के पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. वहीं, अचानक नदी में घड़ियाल मिलने से आसपास के लोगों में कौतूहल बना हुआ है. वन विभाग की टीम ने जलीय जीव को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Also Read : सासाराम में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से डिलीवरी बॉय की मौत, दो मासूम बच्चियों के सिर से उठा पिता का साया
