रोहतास में पिता पर चलाई गोली बेटे को लगी, घरेलू विवाद में दिया वारदात को अंजाम, आरोपी धराया

रोहतास जिले के बड्डी थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के चलते एक पिता पर गोली चलाने की कोशिश में उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया और हथियार भी जब्त कर लिया है।

Sasaram Crime News : रोहतास जिले के बड्डी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में मंगलवार की देर शाम घरेलू और भूमि विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पिता को निशाना बनाकर चलाई गई गोली बेटे को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दोनाली बंदूक भी जब्त कर ली है.

खेत गिरवी रखने से शुरू हुआ विवाद, घायल को बनारस रेफर किया

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, आरोपित भूपेन्द्र सिंह उर्फ भूपू ने कुछ दिन पहले परिवार के अन्य सदस्यों को बिना बताए करीब 1.80 लाख रुपये में परिवार की जमीन रेहन (गिरवी) रख दी थी. इसकी जानकारी किसी को नहीं थी. बाद में घर की सफाई के दौरान बिस्तर के नीचे रेहन से संबंधित कागजात मिले, जिसके बाद पूरे परिवार में विवाद शुरू हो गया. इसी बात को लेकर पिछले कई दिनों से घर में तनाव और झगड़ा चल रहा था.

पिता को बनाया निशाना, बेटे को लगी गोली

बताया जाता है कि मंगलवार की देर शाम भूपेन्द्र सिंह का अपने पिता सत्येन्द्र सिंह और पत्नी से विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि वह मारपीट करने लगा. इसी दौरान उसने घर में रखी दोनाली बंदूक उठा ली और अपने पिता सत्येन्द्र सिंह को निशाना बनाकर गोली चला दी. हालांकि गोली उनके पास खड़े उसके बेटे आस्थानंद सिंह को लग गई. गोली के छर्रे लगने से आस्थानंद गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.

परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया. घायल युवक का इलाज वहां चल रहा है.

पहले से दर्ज थी थाने में शिकायत

जानकारी के अनुसार, खेत को बिना परिवार की सहमति के गिरवी रखने और आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होकर सत्येन्द्र सिंह ने कुछ दिन पहले ही बड्डी थाना में अपने पुत्र भूपेन्द्र सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी मिलने के बाद से ही भूपेन्द्र सिंह परिवार से और अधिक नाराज चल रहा था.

बागीचे से नशे की हालत में गिरफ्तार हुआ आरोपित

घटना की सूचना मिलते ही बड्डी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू की. पुलिस ने गांव से बाहर स्थित एक बागीचे से आरोपित भूपेन्द्र सिंह को शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी दोनाली बंदूक भी बरामद कर जब्त कर ली.

पारिवारिक और भूमि विवाद का मामला

बड्डी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष लखनदेव पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक और भूमि विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है. घायल युवक का इलाज बनारस में चल रहा है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय प्रयुक्त हथियार का उपयोग किन परिस्थितियों में किया गया और आरोपित ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया या नहीं.

इसे भी पढ़ें: सासाराम: तेंदूनी चौक से थाना चौक तक चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क किनारे से हटाए गए अतिक्रमण



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >