रोहतास में बिजली चोरों पर बड़ी कार्रवाई, तीन प्रखंडों में छापेमारी, 10 लोग पकड़े गए, लाखों का जुर्माना और FIR दर्ज

रोहतास जिले में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने तीन प्रखंडों में सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान 10 बिजली चोरों को पकड़ा गया, जिन पर लाखों का जुर्माना लगाया गया और FIR भी दर्ज की गई. विभाग ने आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की चेतावनी दी है.

रोहतास जिले में बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली को मजबूत बनाने के लिए विद्युत विभाग ने गुरुवार को तीन प्रखंडों में सघन छापेमारी अभियान चलाया. जांच के दौरान 10 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया. सभी पर आर्थिक दंड लगाया गया और विद्युत अधिनियम के तहत संबंधित थानों में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई.

तीन प्रखंडों में चला सघन जांच अभियान

कार्यपालक अभियंता ई. ब्रबिम ने बताया कि बिक्रमगंज, संझौली और सूर्यपुरा प्रखंड के विभिन्न इलाकों में कनीय विद्युत अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया. जांच के दौरान कई उपभोक्ता मीटर बाईपास कर और बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग करते पाए गए.

मीटर बाईपास करने वालों पर लगा भारी जुर्माना

जांच में नगर परिषद बिक्रमगंज के ढिबरा मोहल्ला निवासी बजरंग पाटिल पर 32,901 रुपये, संझौली के बैरी टोला निवासी हजारी सिंह पर 18,858 रुपये, सुदर्शन पाल पर 13,165 रुपये, सुनील सिंह पर 16,500 रुपये, रामेश्वर राम पर 19,865 रुपये, प्रकाश राम पर 20,757 रुपये, सूर्यपुरा के रतनपट्टी निवासी रविंद्र प्रसाद पर 47,286 रुपये तथा कोसंदा निवासी रामेश्वर सिंह पर 16,328 रुपये का जुर्माना लगाया गया.

बिना कनेक्शन बिजली जलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई

बिना वैध विद्युत कनेक्शन के बिजली चोरी करते पाए जाने पर बिक्रमगंज के लक्ष्मी नारायण मार्केट स्थित एक ब्यूटी पार्लर की संचालिका ममता कुमारी पर 84,466 रुपये तथा सूर्यपुरा के रतनपट्टी निवासी बीरबल सिंह पर 76,560 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया. सभी मामलों में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

विभाग ने दी सख्त चेतावनी

कार्यपालक अभियंता ने कहा कि बिजली चोरी से विभाग को भारी राजस्व हानि होती है और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है. उन्होंने उपभोक्ताओं से वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली उपयोग करने, समय पर बिल जमा करने और किसी भी अनियमितता की सूचना विभाग को देने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Punit Kr Pandey

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >