रोहतास के दुर्गावती डैम में बढ़ा जलस्तर तो खोले 3 गेट, नदी में छोड़ा गया पानी; तटीय इलाकों में मंडराया बाढ़ का खतरा

कैमूर में लगातार बारिश के कारण दुर्गावती डैम का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए डैम के गेट खोल दिए हैं और तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है।

Rohtas News : कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश का असर दुर्गावती डैम पर भी दिखने लगा है. पहाड़ी इलाकों से लगातार पानी आने के कारण जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है. विभाग के अधिकारियों ने बीती रात सायरन बजाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया और डैम के तीनों गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी.

जलस्तर बढ़ते ही खोले गये डैम के तीन गेट

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण डैम में पानी की आवक काफी बढ़ गयी थी. जलाशय के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए संभावित खतरे को टालने के लिए रात में तीनों गेट खोल दिये गये. इससे कुछ समय तक बड़ी मात्रा में पानी की निकासी की गयी. बाद में जलस्तर और पानी की आवक की समीक्षा के बाद एक गेट बंद कर दिया गया. फिलहाल दो गेटों से दुर्गावती नदी में पानी छोड़ा जा रहा है.

नदी का जलस्तर बढ़ा, तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

डैम से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण दुर्गावती नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया है. नदी के तटीय इलाकों में पानी फैलने से कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है. नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है. जल संसाधन विभाग की ओर से तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.


रोहतास दुर्गावती डैम

कैमूर पहाड़ी से लगातार डैम में पहुंच रहा पानी

बताया जाता है कि कैमूर पहाड़ी के ऊपरी इलाकों में हो रही बारिश का पानी विभिन्न जलस्रोतों और पहाड़ी नालों के माध्यम से तेजी से दुर्गावती डैम में पहुंच रहा है. बारिश जारी रहने के कारण जलाशय में पानी की आवक लगातार बनी हुई है. ऐसे में डैम के जलस्तर और पानी की निकासी की लगातार निगरानी की जा रही है.

डैम पर अधिकारी और कर्मचारी तैनात

जल संसाधन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी डैम पर तैनात रहकर जलस्तर, पानी की आवक और निकासी पर नजर रख रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार, बारिश की स्थिति और डैम में पानी की आवक के आधार पर गेटों को खोला या बंद किया जा सकता है. संभावित स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है.

नदी किनारे जाने से बचने की अपील

डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का बहाव काफी तेज हो गया है. प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने नदी के आसपास तथा तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को नदी में जाने और तेज बहाव वाले स्थानों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गयी है. फिलहाल विभाग की निगरानी में दो गेटों से पानी की निकासी जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >