Sasaram News : चेनारी में प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल गुप्ता धाम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में पहुंचे एक युवक ने मंदिर परिसर में जमकर हंगामा किया. प्रसाद वितरण के दौरान युवक के अभद्र व्यवहार से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई. समझाने पहुंचे वन विभाग के एक जवान के साथ भी उसने धक्का-मुक्की कर दी. हालांकि सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से कुछ ही देर में स्थिति पर काबू पा लिया गया.
प्रसाद वितरण के दौरान शुरू किया हंगामा
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुप्ता धाम में विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया गया था. सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी. इसी दौरान शराब के नशे में धुत एक युवक मंदिर परिसर पहुंच गया और प्रसाद वितरण के समय शोर-शराबा तथा अभद्र व्यवहार करने लगा. जब वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह उनसे भी उलझ गया और हाथापाई करने लगा.
वन विभाग के जवान से भी की धक्का-मुक्की
ड्यूटी पर तैनात वन विभाग के एक जवान ने युवक को शांत रहने और परिसर से बाहर जाने की हिदायत दी. इस पर युवक और अधिक उग्र हो गया तथा जवान के साथ धक्का-मुक्की करने लगा. घटना से मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं की कतार भी प्रभावित हुई.
सुरक्षाकर्मियों ने संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग सक्रिय हो गए. काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में कर स्थिति सामान्य कराई गई. इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन और प्रसाद वितरण की व्यवस्था फिर से सुचारु रूप से शुरू कराई गई.
धार्मिक स्थलों पर सख्ती की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों पर शराब पीकर आने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि ऐसे लोगों के कारण धार्मिक माहौल खराब होता है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी प्रभावित होती है. उन्होंने गुप्ता धाम में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग भी की.
वीडियो के आधार पर जांच, सुरक्षा बढ़ाई गई
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि गुप्ता धाम क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या होने के कारण वन विभाग की ओर से तत्काल सूचना नहीं मिल सकी. हालांकि मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें वन विभाग के कर्मी के साथ युवक की हाथापाई दिखाई दे रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर शराब पीकर हंगामा करने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. श्रावणी मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए गुप्ता धाम में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : रेंजर
वन विभाग के रेंजर अभय कुमार सिंह ने बताया कि गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक वातावरण बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है. गुरु पूर्णिमा के दौरान युवक द्वारा हंगामा और वनकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की सूचना मिलने पर मौके पर तैनात कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है तथा किसी भी प्रकार के उपद्रव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
