Sasaram News : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव में हुए डबल मर्डर के तीन दिन बाद भी पुलिस इस मामले की गुत्थी नहीं सुलझा सकी है. घटना को लेकर अब कई तरह के सवाल और संदेह सामने आने लगे हैं. खासकर बेतिया निवासी मणिभूषण कुमार और बेदा निवासी ननकी देवी के बीच रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
कितने दिनों से बेदा में रह रहा था मणिभूषण
लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि पश्चिमी चंपारण के बेतिया निवासी मणिभूषण कुमार कितने दिनों से सासाराम में रह रहा था और वह ननकी देवी के परिवार के साथ कब से जुड़ा था. वह किसके बुलावे पर शहर में कीटनाशक की दुकान चला रहा था और उसका इस परिवार से पहले से किस तरह का संबंध था, पुलिस की जांच में इन बिंदुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर भी चर्चा
घटना के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मणिभूषण कुमार और ननकी देवी वास्तव में पति-पत्नी थे, तो दोनों का दाह संस्कार एक साथ बेदा में ही किया जाता. लेकिन दोनों के परिजनों ने अलग-अलग दाह संस्कार किया. ननकी देवी का दाह संस्कार जिस तरह बेदा में किया गया, उसी तरह मणिभूषण का अंतिम संस्कार नहीं होने को लेकर लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं.
Also Read : सासाराम के 41 निजी स्कूलों को शो-कॉज नोटिस, बैठक में शामिल नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी
छत पर एक साथ सो रहे थे दोनों, तभी मारी गयी गोली
बताया जाता है कि रविवार की देर रात करीब 1.30 बजे अपराधियों ने घर की छत पर चढ़कर दोनों को गोली मार दी. घटना में पश्चिमी चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के रणहा दक्षिणी पटजिरवा गांव निवासी शंभु प्रसाद के करीब 45 वर्षीय पुत्र मणिभूषण कुमार और बेदा गांव निवासी स्व. कृष्णा बिंद की पत्नी ननकी देवी की मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी थी और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम भी किया था.
Also Read : बरडीहा सूर्य मंदिर में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण छठिहार, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
तकनीकी टीम की मदद से जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी है. एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच लगभग पूरी कर ली गयी है. तकनीकी टीम की मदद से भी जांच करायी जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जायेगा.
जल्द सामने आ सकता है हत्या का राज
पुलिस भले ही फिलहाल इस मामले में खुलकर कुछ नहीं बता रही है, लेकिन जांच में मिले तथ्यों के आधार पर जल्द ही डबल मर्डर के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का खुलासा होने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र दोनों मृतकों के आपसी संबंध, उनके शहर में रहने की अवधि और घटना से जुड़े अन्य संदिग्ध पहलुओं पर है.
Also Read : सासाराम: चनकी स्कूल में शिक्षकों के बीच मारपीट, पांच शिक्षक निलंबित
