Sasaram News : रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सोमवार को समाहरणालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारियों और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में न्यायालय से जुड़े लंबित मामलों और जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
कोर्ट मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
बैठक में डीएम ने विशेष रूप से सीडब्ल्यूजेसी (CWJC) और एमजेसी (MJC) मामलों की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि न्यायालय से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी अधिकारियों को समय पर और त्रुटिरहित तथ्य विवरणी तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में जवाब दाखिल किया जा सके.
लंबित मामलों का जल्द करें निष्पादन
डीएम ने कहा कि जिन कार्यालयों में अभी भी एक-दो मामले लंबित हैं, वे संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक जानकारी शीघ्र प्राप्त करें. इसके बाद तथ्य विवरणी तैयार कर उनके समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित हो सके.
विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का भी आकलन किया गया. डीएम ने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके.
नियमित समीक्षा पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने स्तर पर नियमित समीक्षा करें और लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा.
