सासाराम सदर. जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी परियोजनाओं और सड़क समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में एनएच औरंगाबाद डिवीजन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (पीडी) और गया डिवीजन के अभियंताओं के साथ विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई. डीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण और उससे जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.
सड़क परियोजनाओं और भूमि अधिग्रहण की हुई समीक्षा
समीक्षा के दौरान एनएच औरंगाबाद डिवीजन के पीडी के साथ सड़क परियोजनाओं के एलाइनमेंट और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई. डीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण जैसी प्रक्रियाओं के कारण विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए.
नटवार बाजार की सड़क समस्या पर डीएम सख्त
बिक्रमगंज के नटवार बाजार में सड़क से जुड़ी समस्या को डीएम ने गंभीरता से लिया. उन्होंने एनएच गया डिवीजन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ समस्या के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की. डीएम ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क की समस्या का शीघ्र निराकरण कराने का निर्देश दिया.
आरसीडी के अधिकारियों को भी कार्रवाई का निर्देश
इसके साथ ही आरसीडी कोचस और आरसीडी डेहरी के कार्यपालक अभियंताओं को भी नटवार बाजार की सड़क समस्या के समाधान के लिए जरूरी कार्रवाई करने की बात कही. डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने की हिदायत दी.
आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देने का निर्देश
उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों की आवाजाही और विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सड़क से संबंधित समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें.
ALSO READ : सासाराम की पुरानी जीटी रोड पर जलजमाव और गड्ढों से बढ़ी परेशानी, आवागमन हुआ मुश्किल
