Rohtas News : ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत सोमवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने अपने कार्यालय कक्ष में जिला जनता दरबार लगाया. इसमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 52 लोगों ने आवेदन और शिकायतें देकर अपनी समस्याओं से डीएम को अवगत कराया. डीएम ने संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जांच कर समय पर निष्पादन का निर्देश दिया.
भूमिहीन महिला की शिकायत पर सीओ को जांच का निर्देश
नोखा थाना क्षेत्र के पेनार गांव निवासी तेतरी कुमारी ने भूमिहीन होने से संबंधित आवेदन डीएम को सौंपा. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए नोखा अंचलाधिकारी को निर्देशित किया.
जीविका सीएम पर फॉर्म नहीं भरने की शिकायत
चेनारी थाना क्षेत्र के रेडियां गांव निवासी राधेश्याम राम ने जीविका सीएम द्वारा फॉर्म नहीं भरने की शिकायत जनता दरबार में की. डीएम ने आवेदन को कार्रवाई के लिए डीपीएम, जीविका के पास भेज दिया.
भारतमाला परियोजना की मुआवजा राशि को लेकर शिकायत
चेनारी प्रखंड के डिहरियां गांव निवासी ललिता बिंद ने भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण की राशि उनके भाइयों द्वारा कथित रूप से गुपचुप तरीके से निकालने की शिकायत की. डीएम ने मामले को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भेजा.
सभी शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जनता दरबार में प्राप्त अन्य शिकायतों और आवेदनों को भी संबंधित कार्यालयों एवं पदाधिकारियों के पास भेजा गया. डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए.
