नगर निगम की बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर मुहर, शहर में दूधिया रोशनी की तैयारी
नगर निगम सासाराम में बुधवार को महापौर काजल कुमारी की अध्यक्षता में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिये गये
एलइडी स्ट्रीट लाइट कार्य में तेजी लाने व विस्तारित क्षेत्रों में भी जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देशशहर के चौक-चौराहों पर शेड निर्माण और पेवर ब्लॉक से बदलेगी सूरत, बोर्ड ने दी मंजूरी
फोटो-10- बैठक के दौरान मौजूद महापौर, नगर आयुक्त व अन्य अधिकारी.
प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस
नगर निगम सासाराम में बुधवार को महापौर काजल कुमारी की अध्यक्षता में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिये गये. इस दौरान उप महापौर, नगर आयुक्त, वार्ड पार्षद सहित निगम के तमाम तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे.
रोशनी से जगमगायेगा शहर:
बैठक में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत स्ट्रीट लाइट और हाइमास्ट लाइट की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गयी. महापौर ने जोन संख्या 03 के वार्डों में एलइडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए जारी टेंडर प्रक्रिया को अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया. इसके अलावा, अन्य जोनों के वार्डों में भी रोशनी की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विभागीय अनुमोदन लेकर जल्द टेंडर शुरू करने को कहा गया. शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर निर्णय लिया गया कि विस्तारित क्षेत्रों और मुख्य चौक-चौराहों पर शेड निर्माण, पेवर ब्लॉक लगाने, पेंटिंग और साइन बोर्ड लगाने जैसे कार्यों में तेजी लायी जायेगी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में पूरा करें.
पार्षदों ने किया
हंगामा
बैठक के दौरान कुछ वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर हंगामा भी किया. पार्षदों ने वार्डों की लंबित मांगों को उठाते हुए जल्द समाधान की मांग रखी, जिससे कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया. हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हुई और निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शहर के विकास के लिए सभी जरूरी कदम उठाये जा रहे हैं. बैठक में नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता और सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.