स्थानीय थाना पुलिस ने बुधवार देर रात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद किया. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गांजा तस्करी में इस्तेमाल सफेद रंग की Alto कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.
गुप्त सूचना पर नहर के पास लगाया गया नाका
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि बुधवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि कौआखोच के रास्ते एक Alto कार से गांजा की बड़ी खेप दिनारा की ओर लाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेलवैयां जिगीना फाल के पास कौआखोच-दिनारा-चौसा लाइन नहर पर वाहन जांच शुरू कर दी.
संदिग्ध Alto कार रोकते ही खुला गांजा तस्करी का राज
वाहन जांच के दौरान दिनारा की ओर आ रही सफेद रंग की Alto कार को पुलिस ने रोका. कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने गांजा समेत कार को जब्त कर लिया. बरामद कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR24Q6165 बताया गया है.
30 वर्षीय युवक गिरफ्तार, आगे सप्लाई की थी तैयारी
पुलिस ने मौके से नटवार निवासी स्व. अक्षय कुमार के 30 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार को गिरफ्तार किया. प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि गांजा आगे सप्लाई करने के लिए दिनारा लाया जा रहा था. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.
1.5 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही गांजे की कीमत
पुलिस के अनुसार बरामद 10 किलो 340 ग्राम गांजा की बाजार कीमत करीब 1.5 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है. पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल Alto कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है. मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जारी
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है.
