प्रेमिका से मिलने गये प्रेमी की पीट-पीट कर हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार

दुस्साहस. सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बराढी गांव में देर रात हुई वारदात, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम

सासाराम ग्रामीण़ सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बराढी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. घटना शुक्रवार की देर रात की बतायी जाती है. मृतक की पहचान लालबदन सिंह के 28 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र कुमार के रूप में की गयी है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. परिजनों का आरोप है कि शैलेंद्र को फोन कर घर से बुलाया गया था. देर रात करीब दो बजे वह बराढी गांव स्थित एक महिला के घर पहुंचा, जहां मौजूद लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से जख्मी अवस्था में उसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सासाराम मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. गांव में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत परीक्षण के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा फोन कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं. इस संबंध में सदर एसडीपीओ-2 कुमार वैभव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक को घर में बंधक बनाकर पीटा जा रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गयी. मामले में बराढी गांव निवासी दादू मिश्रा व उनकी पत्नी रागिनी देवी को गिरफ्तार किया गया है. घटनास्थल से एक मोबाइल भी बरामद हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार मृतक का गांव की एक शादीशुदा महिला से पिछले दो वर्षों से संबंध था. पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. बताया जाता है कि मृतक दिव्यांग था और उसकी शादी नहीं हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >