Rohtas IFFCO fertilizer: जिले में इफको खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है. खाद की कमी के कारण किसानों को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए निजी दुकानों का सहारा लेना पड़ रहा है. किसानों का आरोप है कि कई स्थानों पर निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत पर खाद खरीदनी पड़ रही है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है.
खाद की उपलब्धता बढ़ाने के लिए डीएम को भेजा पत्र
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौर्य शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि मौर्य ने जिला पदाधिकारी रोहतास को पत्र भेजकर जिले में इफको खाद की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने संबंधित विभाग एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने के साथ ही जिले में आने वाली इफको खाद की रैक की संख्या और मात्रा बढ़ाने का आग्रह किया है.
पैक्स और अधिकृत बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त खाद की मांग
रवि मौर्य ने कहा कि पैक्स गोदामों एवं अधिकृत बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को निर्धारित दर पर आसानी से खाद मिल सके. उन्होंने कहा कि खाद की पर्याप्त उपलब्धता रहने से किसानों को निजी दुकानों से महंगे दाम पर खाद खरीदने की मजबूरी नहीं होगी.
उन्होंने जिला प्रशासन से किसानों की समस्या को देखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की. इस दौरान हजारी कुशवाहा, अमरेन्द्र सिंह, लालाबाबू सिंह, महेंद्र पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
