रोहतास में साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी, छात्रों को संदिग्ध लिंक और फर्जी एप से दूर रहने की सलाह

सासाराम के संत शिवानंद अकादमी में साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता गोष्ठी आयोजित, पुलिस ने छात्रों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए।

Rohtas News : संत शिवानंद अकादमी प्लस टू स्कूल, सासाराम में गुरुवार को साइबर अपराध एवं साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक अवनीश कुमार ने किया. गोष्ठी में रोहतास पुलिस की स्पेशल क्राइम डीएसपी चित्रा कुमारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी.

अनजान एप डाउनलोड न करें, संदिग्ध लिंक से रहें सावधान

स्पेशल क्राइम डीएसपी चित्रा कुमारी ने छात्रों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि किसी अनजान एप को डाउनलोड नहीं करना चाहिए और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए. उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी, फर्जी निवेश और क्रिप्टो योजनाओं का झांसा, लॉटरी व इनाम के नाम पर धोखाधड़ी तथा फिशिंग लिंक के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं.

निजी और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करें

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से कहा कि ऑनलाइन बातचीत के दौरान किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा नहीं करें. ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए. रोमांस स्कैम समेत ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से भी छात्रों को अवगत कराया गया और सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करने की अपील की गयी.

ऑनलाइन धमकी या फर्जी गिरफ्तारी के डर से न घबराएं

सब इंस्पेक्टर पूजा कुमारी, भावना राय, पवन कुमार एवं नंदलाल कुमार ने भी छात्रों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी. अधिकारियों ने पोक्सो कानून के बारे में बताते हुए 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से जुड़े अपराधों में इसके प्रावधानों की जानकारी दी. सोशल मीडिया पर धमकी मिलने, फर्जी गिरफ्तारी का डर दिखाने या ऑनलाइन प्रताड़ना की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गयी.

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी या किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि का शिकार होने पर बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए. समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है. कार्यक्रम में ऑपरेशन विधि पालक योजना की भी जानकारी दी गयी.

मौके पर प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह, सत्येंद्र प्रसाद साह, अरविंद कुमार, प्रभात कुमार, जाह्नवी कुमारी, आरती कुमारी, कुंदन कुमार, दीप रानी, सचिन कुमार, अवनीश कुमार, विनोद कुमार पासवान, रूबी कुमारी, पायल कुमारी, अमित कुमार सिंह, अमित कुमार पटेल, श्वेता रानी, राहुल श्रीवास्तव, विकास कुमार सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >