Sasaram News: (डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट) पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सासाराम के पोस्ट ऑफिस चौक पर भाकपा-माले, लिबरेशन, आईसा और आरवाईए ने संयुक्त रूप से विरोध मार्च निकाला. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया.
शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन
नेताओं ने कहा कि शिक्षक अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज दबाने के लिए लाठीचार्ज किया, जो लोकतंत्र के खिलाफ है. वक्ताओं ने कहा कि युवाओं और बेरोजगारों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
किसानों ने भी निकाला मार्च
वहीं अखिल भारतीय किसान महासभा के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं और सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ भी मार्च निकाला गया. किसानों ने बढ़ती महंगाई, खाद-बीज की कीमतों में वृद्धि और फसलों के उचित दाम नहीं मिलने को लेकर सरकार की आलोचना की.
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शिक्षक अभ्यर्थियों और किसानों की मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Also Read: 12 और 13 मई को बिहार के इन जिलों में वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
