Sasaram News : दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में गत 5 अगस्त को हुए मजदूर हत्याकांड की जांच के लिए बुधवार को सीआईडी की टीम गांव पहुंची. सीआईडी के डीआईजी जयंत कांत के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जोगिया और मिल्की मनिहारी गांव का दौरा कर घटनाक्रम की जानकारी ली. टीम ने पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली.
परिजनों से घटना की जानकारी लेकर जांच को आगे बढ़ाया
सीआईडी अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लीं. इस दौरान अधिकारियों ने मामले के विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया. टीम ने घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की दिशा में जानकारी जुटायी.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं की भी हो रही जांच
सीआईडी के डीआईजी जयंत कांत ने बताया कि हत्याकांड की जांच सीआईडी अपने स्तर से कर रही है. घटना की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच सहित विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है. पूरे घटनाक्रम का अवलोकन किया जा रहा है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बकाया मजदूरी को लेकर मजदूर की गोली मारकर हुई थी हत्या
गौरतलब है कि जोगिया गांव में गांव के ही अजीत तिवारी ने मिल्की मनिहारी गांव निवासी चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. हत्या का कारण बकाया मजदूरी बताया गया था. आरोप है कि मजदूर की हत्या करने के बाद उसके शव को बक्सर जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र स्थित नहर में फेंक दिया गया था. पुलिस ने शव बरामद करने के बाद आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया था.
हत्या के बाद आरोपी के घर पर ग्रामीणों ने किया था हमला
मजदूर की हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारोपी अजीत तिवारी के घर पर हमला कर दिया था. इस दौरान ट्रैक्टर, कार, हार्वेस्टर और बाइक समेत कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था. ग्रामीणों ने घर में जमकर तोड़फोड़ करने के बाद आग भी लगा दी थी. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
