रोहतास: चेनारी-पेवंदी रोड पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी, गड्ढों में छिपा पानी बना हादसे का खतरा

चेनारी नगर पंचायत के वार्ड छह में सड़क की बदहाली से लोग परेशान हैं। गहरे गड्ढों और जलजमाव के कारण राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

Rohtas News : नगर पंचायत चेनारी के वार्ड नंबर छह स्थित चेनारी-पेवंदी रोड की बदहाली ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश का पानी जमा हो गया है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है. पानी में गड्ढे छिप जाने के कारण बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है.

बारिश होते ही गड्ढों में भर जाता है पानी

स्थानीय निवासी रामानुज मिश्रा ने कहा कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है. बारिश होते ही गड्ढों में पानी भर जाता है और लोगों को सड़क पर चलने में काफी परेशानी होती है. इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की जा रही है.

सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल

रामजगा पाल ने कहा कि सड़क पर बने गड्ढे अब काफी गहरे हो चुके हैं. कई जगहों पर पानी जमा होने के कारण सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो गया है. ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों के भी गिरने का खतरा बना हुआ है. उन्होंने कहा कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय नगर पंचायत को पहले ही पहल करनी चाहिए.

कर वसूली के बावजूद मूलभूत सुविधा का सवाल

ओमप्रकाश यादव ने कहा कि नगर पंचायत की ओर से वार्ड के लोगों से विभिन्न प्रकार के कर वसूले जाते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरती जा रही है. उन्होंने सड़क की तत्काल जांच कराने और गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की.

बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी

मंडीकांत पाल ने कहा कि जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. लंबे समय तक पानी जमा रहने से बदबू और मच्छरों की समस्या भी बढ़ने की आशंका है. उन्होंने सड़क की स्थिति में जल्द सुधार की मांग की.

जनप्रतिनिधियों से समस्या के समय साथ रहने की मांग

संजय साह कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समय भी उनके बीच रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली से लोग रोज परेशान हो रहे हैं. ऐसे में तत्काल पहल कर समस्या का समाधान कराया जाना चाहिए.

नगर पंचायत ने एजेंसी पर डाली जिम्मेदारी

इधर, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजेश रंजन ने कहा कि चेनारी-पेवंदी रोड का कार्य बुडको (BUdCO) को एजेंसी के माध्यम से कराया गया था. इसमें नगर पंचायत की कोई भूमिका नहीं है. उन्होंने कहा कि सड़क से जुड़ी समस्या संबंधित एजेंसी के कार्यक्षेत्र से जुड़ी है.

जिम्मेदारी तय कर तत्काल मरम्मत की मांग

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सड़क नगर पंचायत क्षेत्र में है और आम लोगों को रोज परेशानी हो रही है तो जिम्मेदारी तय कराने और संबंधित एजेंसी से तत्काल मरम्मत कराने की पहल भी होनी चाहिए. लोगों ने प्रशासन से स्थल निरीक्षण कराने, सड़क के गड्ढों को भरने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है.

. | Prabhat Khabar Network
. | Prabhat Khabar Network
. | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >