Sasaram News : नगर पंचायत चेनारी के बैनर तले मध्य विद्यालय भरंदुआ में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत शुक्रवार को ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया. बेकार और अनुपयोगी समझे जाने वाले सामान को बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति से उपयोगी और आकर्षक वस्तुओं का रूप देकर सभी को प्रभावित किया.
कबाड़ से बनाए आकर्षक मॉडल
प्रदर्शनी में बच्चों ने पेरिस्कोप, लैंप स्टैंड, गुलदस्ता, ध्वज चक्र, पेन स्टैंड, फूलदान, चॉक-डस्टर, बैग सहित अनेक आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किये. बच्चों द्वारा तैयार मॉडलों ने लोगों का ध्यान खींचने के साथ कचरे के पुन: उपयोग और स्वच्छता के महत्व का संदेश भी दिया. प्रदर्शनी के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला.
Also Read : सीवान में एक माह पूर्व हुई मारपीट में घायल युवक की मौत, परिजनों ने चोट को बताया वजह
साद तनवीर प्रथम, अमन कुमार द्वितीय
बेहतर मॉडल तैयार करने वाले प्रतिभागियों का चयन निर्णायक मंडली द्वारा किया गया. निर्णायक मंडली में विकास कुमार, अनुज श्रीवास्तव, भोला प्रसाद, संजय साह और रीना कुमारी शामिल रहे. निर्णायकों ने बच्चों की रचनात्मकता, मॉडल की उपयोगिता और प्रस्तुति के आधार पर साद तनवीर को प्रथम, अमन कुमार को द्वितीय तथा प्रतीक रौशन को तृतीय स्थान प्रदान किया.
Also Read : सीवान में जमीन के टुकड़े को लेकर दो पक्षों में कहासुनी, फायरिंग की चर्चा से मड़कन गांव में तनाव
स्वच्छता और पुन: उपयोग के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक प्रसाद ने किया. इस दौरान बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और उपयोगी वस्तुओं का पुन: इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया. नगर स्वच्छता पदाधिकारी चंदन कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया.
रचनात्मक सोच से समाज में पहुंचेगा संदेश
नगर स्वच्छता पदाधिकारी चंदन कुमार ने कहा कि बच्चों की रचनात्मक सोच समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. कबाड़ से उपयोगी वस्तुएं तैयार करना स्वच्छता के साथ-साथ संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल की दिशा में भी एक सार्थक पहल है.
शिक्षक, कर्मी और सैकड़ों बच्चे रहे मौजूद
मौके पर बनारसी एम, सुजाता अग्रवाल, रामजी सिंह, शादमान तस्लीम आरिफ, संजीत कुमार समेत विद्यालय के शिक्षक, कर्मी और सैकड़ों बच्चे उपस्थित रहे. प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा तैयार किये गये मॉडल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने रहे.
Also Read : सीवान में पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा ने लगाया रक्तदान शिविर, मरीजों के बीच बांटे फल
