रोहतास: चेनारी में दो घंटे की बारिश ने खोली नगर पंचायत की पोल, सड़कें बनीं तालाब, लोगों का फूटा गुस्सा

रोहतास जिले के चेनारी नगर पंचायत में हुई तेज बारिश ने नगर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी. सड़कों पर जलजमाव से लोगों को भारी परेशानी हुई. नागरिकों ने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है.

Chenari Waterlogging Rohtas : रोहतास जिले के चेनारी नगर पंचायत में शनिवार दोपहर करीब दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने नगर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी. बारिश रुकने के बाद नगर पंचायत के कई वार्डों, मुख्य सड़कों और बाजार क्षेत्रों में जलजमाव हो गया. सड़कें तालाब जैसी दिखने लगीं, जिससे राहगीरों, बाइक सवारों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Rohtas News : पहली तेज बारिश में ही फेल हुई जलनिकासी व्यवस्था

स्थानीय निवासी कन्हैया शर्मा ने बताया कि नगर पंचायत हर साल नालों की नियमित सफाई का दावा करती है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ गई. कई स्थानों पर नालियां कचरे और गाद से भरी होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया. जलनिकासी नहीं होने से लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा.

बाजार और मोहल्लों में घंटों भरा रहा पानी

बारिश के बाद मुख्य बाजार, प्रमुख सड़कें और कई मोहल्लों में घंटों तक पानी जमा रहा. कई दुकानों के सामने भी जलभराव होने से कारोबार प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मानसून में यही समस्या सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती.

स्थायी समाधान की उठी मांग

नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की व्यापक सफाई कराने और जलजमाव वाले स्थलों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो मानसून के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं.

नगर पंचायत ने दिया कार्रवाई का भरोसा

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि लगातार हुई तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर अस्थायी जलजमाव की स्थिति बनी है. प्रभावित क्षेत्रों में नगर पंचायत की टीम भेज दी गई है. जहां नालों में अवरोध की सूचना मिली है, वहां तत्काल सफाई कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि जलनिकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी न हो.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >