थाना क्षेत्र की कोनार पंचायत के चंदनपुरा गांव में गुरुवार सुबह तालाब से एक महिला का शव बरामद होने के बाद गांव में मातम पसर गया. मृतका की पहचान चंदनपुरा गांव निवासी दीपक साह की पत्नी के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना के बाद मृतका के घर के पास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
महिला की मौत के बाद गांव में पसरा मातम
ग्रामीणों के अनुसार, महिला गुरुवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थी. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी. कुछ समय बाद गांव के तालाब में उसका शव मिलने की सूचना मिली. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया.
तालाब में पैर फिसलने से डूबने की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के किनारे पानी काफी गहरा है. आशंका जतायी जा रही है कि शौच के लिए जाने के दौरान महिला का पैर फिसल गया होगा और वह असंतुलित होकर गहरे पानी में गिर गयी होगी. पानी में डूबने से उसकी मौत होने की आशंका जतायी जा रही है.
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही शिवसागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद मृतका के घर और आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है.
पुलिस ने प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की जतायी आशंका
इस संबंध में शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से महिला की मौत हुई है. हालांकि, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
