एक बार फिर शर्मसार हुआ शिक्षा का मंदिर: तिलौथू में स्कूल बना रणक्षेत्र, शराब के नशे में प्रधानाध्यापक पर शिक्षक से मारपीट का आरोप

बिहार के रोहतास जिले के चंदनपुरा मध्य विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रधानाध्यापक पर शराब के नशे में एक शिक्षक की पिटाई का आरोप लगा. पीड़ित शिक्षक ने शर्ट फाड़ने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. यह मामला अब विभागीय जांच की ओर बढ़ रहा है.

Sasaram News : रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड स्थित चंदनपुरा मध्य विद्यालय में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर नशे की हालत में शिक्षक के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगा. घटना के बाद स्कूल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया और मामला अब विभागीय अधिकारियों तक पहुंचने की तैयारी में है.

पीड़ित शिक्षक संतोष प्रसाद ने आरोप लगाया कि वे इस विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं और प्रधानाध्यापक सुनील कुमार आए दिन शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं. उनके अनुसार, नशे की हालत में प्रधानाध्यापक शिक्षकों के साथ बदसलूकी करते हैं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं.

शर्ट फाड़ने और मारपीट का आरोप

संतोष प्रसाद ने बताया कि सोमवार को भी प्रधानाध्यापक नशे में विद्यालय पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर मामला बढ़ गया और प्रधानाध्यापक उनके साथ उलझ पड़े. आरोप है कि इस दौरान मारपीट की गई और उनका शर्ट तक फाड़ दिया गया.

इस घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई. अन्य शिक्षकों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की.

वीडियो वायरल, लेकिन पुष्टि नहीं

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक और प्रधानाध्यापक के बीच कहासुनी और हाथापाई होती दिख रही है. हालांकि इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

महिला शिक्षकों से दुर्व्यवहार का भी आरोप

पीड़ित शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक का व्यवहार केवल पुरुष शिक्षकों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे महिला शिक्षकों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हैं. उन्होंने कहा कि यह समस्या लंबे समय से चल रही है, लेकिन अब स्थिति बेकाबू होती जा रही है.

पहले भी छात्र की पिटाई का मामला

संतोष प्रसाद ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रधानाध्यापक ने एक छात्र की भी बेरहमी से पिटाई की थी, वह भी कथित रूप से नशे की हालत में. उस समय गांव के लोग आक्रोशित हो गए थे, लेकिन किसी तरह शिक्षकों ने मामला शांत कराया था.

शिकायत की तैयारी, विभाग से कार्रवाई की मांग

शिक्षकों ने निर्णय लिया है कि इस पूरे मामले की लिखित शिकायत विभाग के वरीय अधिकारियों को दी जाएगी. उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है.

प्रधानाध्यापक ने बताया मामूली विवाद

वहीं, जब इस संबंध में प्रधानाध्यापक सुनील कुमार से बात की गई तो उन्होंने आरोपों को गंभीरता से नकारते हुए कहा कि यह महज आपसी कहासुनी का मामला है. उनके अनुसार, शिक्षक संतोष के साथ हल्की नोकझोंक हुई थी, जिसे आपस में सुलझा लिया गया है.

फिलहाल इस घटना के बाद स्कूल का माहौल चर्चा में है और अब सबकी नजर विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर सच्चाई क्या है और दोषी पर क्या कदम उठाए जाते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >