रोहतास के योगियां हत्याकांड के बाद स्वर्ण समाज की बैठक, आगजनी और लूट के आरोपों पर कार्रवाई की मांग

रोहतास के योगियां गांव में हुई हिंसा और आगजनी के मामले में ब्रम्हसी समाज ने जिला प्रशासन से उपद्रवियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा की मांग की है।

Rohtas News : रोहतास के दिनारा थाना क्षेत्र के योगियां गांव में मजदूर की हत्या के बाद हुई आगजनी और उपद्रव की घटना को लेकर रविवार को ब्रह्मर्षि समाज की बैठक हुई. बैठक में स्वर्ण समाज के लोगों ने अजीत तिवारी के परिवार के घर में आगजनी, नकदी और आभूषण चोरी तथा महिलाओं को नुकसान पहुंचाने के प्रयास का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की. समाज के लोगों ने सभी आरोपित उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी, परिवार को सुरक्षा और नुकसान की भरपाई की मांग की.

आगजनी में करीब दो करोड़ की संपत्ति के नुकसान का दावा

बैठक में ब्रह्मर्षि समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान अजीत तिवारी के परिवार की चल संपत्ति को आग के हवाले कर दिया गया. समाज के सदस्यों ने दावा किया कि आगजनी में करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. इसके अलावा घर में घुसकर नकदी और आभूषण चोरी किये जाने का भी आरोप लगाया गया.

महिलाओं को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप

बैठक में आरोप लगाया गया कि उपद्रवियों ने घर में मौजूद महिलाओं को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. समाज के लोगों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.

सरकार से नुकसान की भरपाई और सुरक्षा की मांग

ब्रह्मर्षि समाज ने प्रशासन से मांग की कि आगजनी में हुए नुकसान का आकलन कर सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाये. साथ ही अजीत तिवारी के परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की भी मांग की गयी.

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि यदि आरोपित उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गयी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व सहायता नहीं मिली, तो ब्रह्मर्षि समाज आंदोलन करेगा. समाज के लोगों ने डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुमार और काराकाट विधायक अरुण कुमार पर जातीय उन्माद फैलाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की.

घटना के बाद गांव में पुलिस कैंप

घटना के करीब पांच दिन बाद भी योगियां गांव में पुलिस कैंप कर रही है. बता दें कि पांच अगस्त को योगियां गांव में एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इसके बाद ग्रामीणों और अन्य लोगों की ओर से आगजनी किये जाने की घटना सामने आयी थी, जिसमें कई लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात कही गयी थी. मामले को लेकर पुलिस गांव में निगरानी कर रही है.

बैठक में कई लोग रहे मौजूद

बैठक में ब्रह्मर्षि समाज के बक्सर जिलाध्यक्ष राकेश कुमार राय, बक्सर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामनाथ ठाकुर उर्फ कल्लू राय, चौसा प्रमुख प्रतिनिधि गुड्डू राय, मोनू सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राय, पूर्व जिला पार्षद आशा सिंह, सोनू राय, कौशल राय, हरे राम ठाकुर, संतोष शर्मा समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >