Rohtas News: जिले के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 319 के किनारे पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से सवा पांच लीटर विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज को रंगे हाथ दबोच लिया. आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पकड़े गए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
एनएच किनारे चल रहा था शराब का खेल, गुप्त सूचना पर एक्शन
सदर एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गोविंदपुर के पास एनएच 319 के किनारे चोरी-छिपे अवैध शराब बेचने का धंधा संचालित किया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश दी गई.
180 एमएल के 29 फ्रूटी पैक बरामद, धंधेबाज उज्ज्वल गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी कर धंधेबाज को भागने का मौका नहीं दिया और उसे दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 8PM टेट्रा पैक (180 एमएल) के कुल 29 पीस बरामद किए गए, जो कुल मिलाकर 5.22 लीटर विदेशी शराब है. गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान उज्ज्वल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है.
