Rohtas News : रोहतास जिला के बिक्रमगंज अनुमंडल में संचालित कथित अवैध बूचड़खानों का मामला अब बिहार विधानसभा तक पहुंच गया है. दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह द्वारा उठाए गए तारांकित प्रश्न के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर परिषद, बिक्रमगंज से पूरे मामले पर तत्काल तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा है. इस मुद्दे पर सरकार 23 जुलाई को विधानसभा में जवाब देगी.
विधायक के सवाल के बाद विभाग ने मांगी रिपोर्ट
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, यह तारांकित प्रश्न 9 जुलाई 2026 को प्राप्त हुआ था. 14 जुलाई को इसे स्वीकृत कर नगर विकास एवं आवास विभाग को भेज दिया गया. इसके बाद विभाग के अवर सचिव रणविजय कुमार ने नगर परिषद, बिक्रमगंज के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र जारी कर आवश्यक अभिलेखों के साथ विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
सरकार से पूछा- आदेश के बावजूद क्यों नहीं बंद हुए बूचड़खाने?
दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने अपने प्रश्न में सरकार से जानना चाहा है कि क्या रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल में संचालित अवैध बूचड़खानों को बंद कराने का आदेश जारी होने के बावजूद प्रशासन उसे लागू नहीं करा सका. यदि ऐसा है तो इन्हें कब तक बंद कराया जाएगा और यदि नहीं, तो इसके पीछे क्या कारण हैं.
23 जुलाई को विधानसभा में होगा जवाब
नगर विकास एवं आवास विभाग ने मामले को अत्यावश्यक बताते हुए नगर परिषद से शीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि 23 जुलाई को विधानसभा में सरकार की ओर से तथ्यात्मक उत्तर प्रस्तुत किया जा सके.
प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
मामला विधानसभा तक पहुंचने के बाद अब नगर परिषद और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिक गई हैं. रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि कथित अवैध बूचड़खानों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक क्या कदम उठाए हैं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.
