Rohtas news : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु), पटना में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद के लिए बुधवार को सासाराम अनुमंडल के 12 परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई. परीक्षा में कुल 43.04 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने भाग लिया.
6,624 में से 2,851 अभ्यर्थी हुए शामिल
एक पाली में आयोजित परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली. कुल 6,624 अभ्यर्थियों में से 2,851 ने परीक्षा दी, जबकि 3,773 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी अभ्यर्थी के निष्कासित होने की सूचना नहीं मिली.
सभी केंद्रों पर रही कड़ी निगरानी
परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं. जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी प्रतिवेदन के अनुसार सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली.
केंद्रवार उपस्थिति का विवरण
शेरशाह सूरी इंटर स्कूल में 696 में से 303, रामा जैन गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल में 528 में से 233, उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय में 600 में से 236, प्लस टू हाई स्कूल चौखंडी पथ में 360 में से 156, उत्क्रमित हाई स्कूल बेलाढ़ी में 312 में से 138, शेरशाह कॉलेज में 720 में से 304, श्री शंकर कॉलेज में 480 में से 193, रोहतास महिला कॉलेज में 432 में से 197, एसपी जैन कॉलेज में 840 में से 374, बुद्धा मिशन स्कूल में 600 में से 252, प्रज्ञा निकेतन पब्लिक स्कूल में 576 में से 253 तथा बाल विकास विद्यालय में 480 में से 212 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया.
डीईओ ने दी जानकारी
जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि प्रशासनिक तैयारियों के कारण परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. सभी केंद्रों पर निर्धारित मानकों का पालन करते हुए परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई.
