रोहतास में मां भलुनी भवानी धाम का होगा कायाकल्प, डीएम ने किया सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का निरीक्षण

Sasaram News : रोहतास का प्रसिद्ध मां भलुनी भवानी धाम जल्द ही नए रूप में दिखेगा. जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने धाम पहुंचकर सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया. श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा.

Sasaram News : जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ और पौराणिक स्थल मां भलुनी भवानी धाम का जल्द कायाकल्प होने वाला है. शनिवार को रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने धाम पहुंचकर सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया. उनके साथ दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौजूद रही. धाम पहुंचने के बाद डीएम ने सबसे पहले मां भलुनी भवानी मंदिर में मत्था टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर के पुजारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र और माता की चुनरी भेंट कर उनका स्वागत किया.

मान सरोवर तालाब और छठ घाट की स्थिति देखी

पूजा-अर्चना के बाद डीएम ने मंदिर परिसर के साथ ऐतिहासिक मान सरोवर तालाब और छठ घाट का पैदल घूमकर निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने तालाब की मछलियों को चारा भी खिलाया. निरीक्षण के दौरान तालाब में गंदगी और छठ घाटों की जर्जर स्थिति पर भी उन्होंने जानकारी ली.

हाईमास्ट लाइट और स्थायी शौचालय की होगी व्यवस्था

डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि भलुनीधाम रोहतास ही नहीं, बल्कि पूरे शाहाबाद क्षेत्र के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. दुर्गा पूजा, छठ पूजा और अन्य महोत्सवों के दौरान यहां लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है. ऐसे में धाम में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि आगामी छठ पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और विधि-व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइट, स्थायी शौचालय, चेंजिंग रूम और पेयजल की व्यवस्था जल्द पूरी की जायेगी.

छठ घाटों की मरम्मत और सफाई का काम समय से पहले होगा

डीएम ने कहा कि छठ घाटों की मरम्मत और साफ-सफाई का काम भी समय से पहले पूरा करा लिया जायेगा, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो. धाम की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक अन्य कार्य भी कराये जायेंगे.

Also Read : डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का लोकार्पण

पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल

मौके पर मौजूद दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि भलुनीधाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत हैं. उन्होंने धाम की समस्याओं से डीएम को अवगत कराया था, जिसके बाद डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए धाम का निरीक्षण किया.

मां भलुनी भवानी मंदिर में पूजा करते डीएम

अतिक्रमण हटाकर धाम की बढ़ायी जायेगी सुंदरता

विधायक ने कहा कि रोहतास डीएम की कार्यशैली सराहनीय है. उनके प्रयास से भलुनीधाम का स्वरूप और बेहतर होगा. धाम को अतिक्रमण मुक्त कर इसकी सुंदरता बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जायेगा. उन्होंने बताया कि भलुनी महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने के लिए सरकार को पत्र भी लिखा गया है. विधायक ने डीएम दीपक कुमार मिश्रा और विक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार को धन्यवाद दिया.

Also Read : चक्की सीएचसी में सफाई व्यवस्था पर सवाल, पांच कर्मियों के काम करने के बावजूद रजिस्टर में नौ की हाजिरी

अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान विक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुलदीप कुमार विभूति, अंचलाधिकारी दिनारा, तेनुअज पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अमित राय, गुनसेज पंचायत के मुखिया मुरलीधर दुबे, मुखिया शिवजी साह, हृदयानंद कुशवाहा, मुन्ना कुशवाहा, सोनू सिंह, विजय चंद्रवंशी सहित सैकड़ों ग्रामीण और मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे.

Also Read : नोखा व्यापार मंडल अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प, अरविंद कुमार सिंह और राम अवध चौधरी आमने-सामने

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उमेश कुमार शर्मा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >