प्रतिनिधि, डेहरी ऑफिस. श्री सर्वेश्वरी समूह के जमुहार शाखा आश्रम परिसर में गुरुवार को अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी का लोलार्क षष्ठी पर्व और शुक्रवार को परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनायी गयी. इस दौरान आश्रम परिसर धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा. कार्यक्रम में शाखा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
सफाई और श्रमदान से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम परिसर की सफाई और श्रमदान से हुई. इसके बाद अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, आरती और पाठ में हिस्सा लिया. आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही.
अघोरेश्वर भगवान राम जी की जयंती पर हवन
शुक्रवार को अघोरेश्वर भगवान राम जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पूजन और आरती के बाद हवन किया गया. महिला मंडल की ओर से भजन-कीर्तन और सोहर की प्रस्तुति दी गयी. भजन-कीर्तन से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु धार्मिक आयोजन में शामिल हुए.
21 सितंबर को मनेगा समूह का स्थापना दिवस
शाखा मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी ने 21 सितंबर 1961 को पड़ाव, वाराणसी में श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना की थी. समूह का स्थापना दिवस 21 सितंबर 2026 को जमुहार आश्रम में हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा.
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता पर जोर
महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि श्री सर्वेश्वरी समूह सामाजिक छुआछूत, जात-पात, धार्मिक असहिष्णुता और आडंबरपूर्ण आयोजनों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का कार्य करता है. समूह की ओर से सादगीपूर्ण विवाह और श्राद्ध कर्म को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, राष्ट्रीयता और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है.
मानव सेवा और आपसी सद्भाव का दिया संदेश
शाखा के उपाध्यक्ष डॉ. बीएन राय ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम जी की वाणी है, "जब मनुष्य से मनुष्य ही खुश नहीं है, तो देवता क्या खुश होंगे." उन्होंने इस संदेश को मानव सेवा और आपसी सद्भाव से जोड़ने की जरूरत बतायी. मौके पर व्यवस्थापक पप्पू मिश्रा, कमलेश सिंह सहित शाखा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
