सासाराम के 12 केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में हुई एएसआई (प्रचालक) भर्ती परीक्षा, 6,624 अभ्यर्थी हुए शामिल

Sasaram News : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद की लिखित परीक्षा सासाराम के 12 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई। परीक्षा में 6,624 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिन्हें कड़े सुरक्षा व निगरानी के बीच प्रवेश दिया गया।

Sasaram News : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद की लिखित परीक्षा बुधवार को रोहतास जिले के सासाराम स्थित 12 परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा में करीब 6,624 अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की थी.

जिला प्रशासन की निगरानी में हुई परीक्षा

जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर परीक्षा के निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. परीक्षा का संचालन अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सासाराम और जिला शिक्षा पदाधिकारी की संयुक्त निगरानी में कराया गया. सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी.

सघन जांच के बाद ही मिला प्रवेश

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग कराई गई. अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के आधार पर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आभूषण तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री पर पूरी तरह रोक रही.

सीसीटीवी और जैमर से रखी गई निगरानी

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर और फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई थी. सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र लाठी बल की तैनाती की गई थी.

उड़नदस्ता टीम रखती रही नजर

परीक्षा के दौरान जोनल दंडाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक और उड़नदस्ता दल लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे. प्रशासन की सतर्क निगरानी और सुदृढ़ व्यवस्था के बीच पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई.

Also Read : सासाराम में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी, पांच लोगों पर एफआईआर और 1 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pramod kr srivastav

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >