रोहतास: दिनारा में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं का हल्लाबोल, लंबित भुगतान समेत कई मांगों को लेकर धरना

बिहार के दिनारा में आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने अपनी 6 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। लंबित मानदेय और सुविधाओं की मांग की गई।

Rohtas News : बिहार आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं की विभिन्न लंबित और ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार, 25 अगस्त को दिनारा प्रखंड परियोजना कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. संघ की प्रखंड अध्यक्ष रेनू देवी और सचिव सीता देवी के नेतृत्व में आयोजित धरना में बड़ी संख्या में सेविका-सहायिकाओं ने हिस्सा लिया.

बकाया मानदेय का नियमित भुगतान कराने की मांग

धरना के दौरान संघ की ओर से समेकित बाल विकास सेवाओं के निदेशक को मांग-पत्र सौंपा गया. इसमें सेविका और सहायिका के बकाया मानदेय का अद्यतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई. संघ ने मानदेय के खंडित भुगतान की प्रक्रिया समाप्त कर नियमित और समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई.

5G मोबाइल रिचार्ज की राशि देने की मांग

संघ ने सेविका-सहायिकाओं को 5G मोबाइल रिचार्ज की सुविधा देने और इसके लिए निर्धारित राशि अविलंब उपलब्ध कराने की मांग की. संघ का कहना है कि विभागीय कार्यों के संचालन में मोबाइल का उपयोग लगातार बढ़ा है. ऐसे में मोबाइल रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है.

पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

मांग-पत्र में सेविका से महिला पर्यवेक्षिका तथा सहायिका से सेविका के पद पर बहाली और पदोन्नति की प्रक्रिया में एकरूपता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई. साथ ही लंबित बहाली प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग भी संघ की ओर से उठाई गई.

पोषाहार समेत लंबित राशि का भुगतान हो

संघ ने सेविका और सहायिका को पोषाहार की राशि, अन्नप्राशन, गोदभराई, प्रोत्साहन राशि, मकान किराया, मोबाइल रिचार्ज सहित अन्य लंबित देय राशियों का अद्यतन भुगतान अविलंब सुनिश्चित करने की मांग की. संघ ने कहा कि लंबे समय से राशि लंबित रहने के कारण सेविका-सहायिकाओं को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रेच्युटी और सेवा लाभ लागू करने की मांग

संघ ने न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के आलोक में सेविका और सहायिका को ग्रेच्युटी तथा अन्य सेवा लाभ का लाभ अविलंब लागू कर प्रदान करने की मांग की. संघ का कहना है कि सेविका और सहायिकाएं ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का लगातार निर्वहन कर रही हैं.

समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा

संघ ने कहा कि महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के निर्वहन के बावजूद सेविका-सहायिकाओं को लंबे समय से विभिन्न समस्याओं और लंबित भुगतान का सामना करना पड़ रहा है. संघ ने विभाग से सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए समस्याओं का अविलंब समाधान और मांगों के प्रभावी कार्यान्वयन की अपेक्षा जताई.

धरना में प्रखंड अध्यक्ष रेनू देवी, सचिव सीता देवी, बसंती देवी, फूला देवी, सरीता देवी, अंजू देवी, देवंती देवी, संगीता देवी, मनोरमा देवी, चंद्रावती देवी, जमीला खातुन, सुनिता देवी, रेखा देवी, चंपा देवी समेत कई सेविका और सहायिका मौजूद रहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >