Rohtas News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फजलगंज स्थित मल्टीपरपज हॉल में देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान जिले के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति, सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया.
देशभक्ति गीत से गूंज उठा पूरा परिसर
कार्यक्रम में लिटिल एंजेल प्ले स्कूल, फजलगंज के कक्षा चार के छात्र अद्वैत साह ने हारमोनियम पर देशभक्ति गीत की शानदार प्रस्तुति दी. अद्वैत की प्रस्तुति शुरू होते ही पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा. उनकी गायन प्रतिभा से प्रभावित निर्णायक मंडल ने उन्हें एकल गायन में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया.
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में हिल रूट स्कूल की शिविका मल्होत्रा, डीएवी पब्लिक स्कूल की रोशनी ग्रुप, केजीबीवी चेनारी की प्रीति ग्रुप, शिवसागर उच्च विद्यालय की आरोही कुमारी, सीएचएस स्कूल सासाराम की शानवी जायसवाल, काराकाट केजीबीवी की खुशी ग्रुप, डेहरी उच्च विद्यालय डिलिया की आयुषी ग्रुप, अकोढ़ीगोला उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रेम नगर के अंशुमन कुमार, शेरशाह कॉलेज की सलोनी सिंह, शेरशाह सूरी इंटर स्कूल के ऋतिक कुमार, सीएचएस स्कूल सासाराम के यश राज ग्रुप, राजकीय दुर्गा गंगा उच्च विद्यालय चेनारी के आदर्श राज ग्रुप, संझौली प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय की प्रियदर्शनी कुमारी, मोकर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय की नेहा ग्रुप और स्थापित कलाकार पूजा कुमारी ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं.
डीएम ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि रोहतास की सांस्कृतिक विरासत काफी समृद्ध है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं.
कार्यक्रम में सासाराम एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, जिला खेल पदाधिकारी विनय प्रताप, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक आशीष रंजन, कला संस्कृति पदाधिकारी पंकज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. निर्णायक मंडल में सचिन कुमार, पंकज आनंद और योगेंद्र कुमार शामिल रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया.
