Sasaram News : सासाराम के दिनारा प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मनिहारी में छत से गिरने से इलाज के दौरान बच्चे की वाराणसी में मौत हो गई. मृतक मनिहारी निवासी राम पुकार चौधरी का लगभग छह वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार बताया जाता है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बच्चा प्रीतम कुमार प्राथमिक विद्यालय में प्रथम कक्षा में पढ़ाई करता था. जहां मंगलवार को परीक्षा देने के बाद खेल सामग्री के साथ अपने छत पर बने कमरे में खेलने लगा. इसी क्रम में उसके हाथ का इंस्ट्रूमेंट बॉक्स रेलिंग के बाहर छज्जे पर गिर गया, जिसको उठाने के क्रम में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छज्जे से नीचे गिर गया. जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. बच्चे के सिर में गहरी चोट बताई जा रही है.
प्राथमिक उपचार के बाद सासाराम से वाराणसी किया गया था रेफर
घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों एवं परिजनों के सहयोग से जख्मी बच्चे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिनारा लाया गया. जहां चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया था. उक्त बच्चे को इलाज के लिए वाराणसी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी इलाज के क्रम में गुरुवार को मृत्यु हो गई. वहीं, गुरुवार को मृत बच्चे का शव गांव आने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर घटना के प्रति आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने शिक्षकों के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की और शिक्षकों पर लापरवाही से कार्य करने का आरोप लगाया है.
पुलिस और शिक्षा पदाधिकारी ने समझाया, सहायता का दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस एवं प्रखंड प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी मधुरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों एवं परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. प्रभारी बीईओ ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बताया कि उन्होंने शिक्षकों को विद्यालय में सुरक्षात्मक उपाय करने हेतु निर्देश दिया है. और कहा कि मृतक बच्चे के परिजनों को हर संभव सरकार से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
